13 ने कटाई नाजीर रसीद, चार अभ्यर्थियों ने दाखिल किया नामांकन

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

 बिहार विधान परिषद के 05-दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए नामांकन प्रक्रिया के तहत शुक्रवार को नाजीर रसीद कटाने और नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया जारी रही। जिला जनसंपर्क कार्यालय के अनुसार, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 10 तथा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 03 अभ्यर्थियों, कुल 13 अभ्यर्थियों ने नामांकन के लिए नाजीर रसीद कटाई।

स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए नाजीर रसीद कटाने वालों में दरभंगा के दिलीप कुमार, सरोज कुमार, ब्रह्मानंद मिश्रा एवं जय प्रकाश झा, बेगूसराय के रजनीकांत पाठक, मधुबनी के रविंद्र प्रसाद सिंह, दिनेश कुमार चौधरी, अमेश चंद्र झा एवं मोहम्मद रियासत अली तथा समस्तीपुर की प्रीति कुमारी शामिल हैं।

वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए दरभंगा के घनश्याम राय एवं शमशाद अली तथा बेगूसराय के गजेंद्र कुमार ने नाजीर रसीद कटाई।

इधर, शुक्रवार को ही चार अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। निर्वाची पदाधिकारी-सह-आयुक्त, दरभंगा प्रमंडल हिमांशु कुमार राय के समक्ष शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से दो और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से दो अभ्यर्थियों ने नामांकन किया।

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से शिवनारायण प्रसाद (निर्दलीय) ने एक सेट तथा रामदेव राय भारत ने कम्युनिस्ट (मार्क्सवादी) प्रत्याशी के रूप में एक सेट में नामांकन दाखिल किया। वहीं, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नवीन कुमार (निर्दलीय) ने दो सेट और नीलेश कुमार कन्हैया (निर्दलीय) ने एक सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया।

इस प्रकार 03 अक्टूबर को कुल चार अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया, जबकि 13 अभ्यर्थियों ने नाजीर रसीद कटाई। नामांकन प्रक्रिया निर्धारित निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार जारी है।