सड़क निर्माण में गुणवत्ता की अनदेखी पर आयुक्त सख्त, अपूर्ण कार्यों को तकनीकी मानकों के अनुरूप शीघ्र पूरा कराने का निर्देश, संवेदक को नोटिस के बाद रिवाइज वर्क प्रोग्राम
सड़क निर्माण में गुणवत्ता की अनदेखी पर आयुक्त सख्त, अपूर्ण कार्यों को तकनीकी मानकों के अनुरूप शीघ्र पूरा कराने का निर्देश, संवेदक को नोटिस के बाद रिवाइज वर्क प्रोग्राम
सड़क निर्माण में गुणवत्ता की अनदेखी पर आयुक्त सख्त,
दस्तक 7मीडिया /बेनीपुर
अपूर्ण कार्यों को तकनीकी मानकों के अनुरूप शीघ्र पूरा कराने का निर्देश, संवेदक को नोटिस के बाद रिवाइज वर्क प्रोग्राम
दरभंगा/बेनीपुर।
महिनाम क्षेत्र में विभिन्न योजनाओं के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने और गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों पर प्रमंडलीय आयुक्त, दरभंगा प्रमंडल सह प्रथम अपीलीय प्राधिकार ने ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता को सख्त निर्देश दिया है। प्राधिकार ने सभी संबंधित सड़कों का नियमित अनुश्रवण और स्थल निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी विनिर्देशों, विभागीय मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप पूरा हो सके।
मामला सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं होने की शिकायत से जुड़ा है। अपीलार्थी ने जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, दरभंगा के समक्ष परिवाद दायर किया था। इसके बाद प्रथम अपीलीय प्राधिकार के आदेश के विरुद्ध द्वितीय अपील दाखिल की गई।
सुनवाई के दौरान कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल बेनीपुर ने बताया कि RRSMP योजना के तहत महिनाम पीडब्ल्यूडी पथ काली मंदिर से महिनाम पछियारी टोला, L052 सरदार हाउस से पुवारी टोला महिनाम तथा कचहरी मोड़ से डोम टोली महिनाम तक तीन सड़कों का चयन एवं स्वीकृति की गई है। इन सड़कों के निर्माण की अवधि 23 दिसंबर 2025 से 22 दिसंबर 2026 तक निर्धारित है। प्रारंभिक सुधार (Initial Rectification) और सड़क को मोटरेबल बनाने का कार्य कराया जा रहा है।
अद्यतन रिपोर्ट में विभाग ने बताया कि तीनों सड़कों में Initial Rectification और मोटरेबल बनाने का कार्य पूरा किया जा चुका है। निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए संबंधित संवेदक को नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद संवेदक ने संशोधित कार्य कार्यक्रम (Revised Work Programme) विभाग को सौंपा है।
वहीं, संतलाल पीपर से रंजीत झा के घर तक की सड़क को लेकर विभाग ने बताया कि यह MMGSY-AWSESH योजना के तहत महिनाम पछियारी टोला पीएमजीएसवाई पथ संतलाल पीपर ट्री से शर्मा टोला पथ के नाम से स्वीकृत है। इस सड़क में संवेदक द्वारा अपेक्षित प्रगति नहीं किए जाने के कारण उसका एकरारनामा विखंडित कर दिया गया है।
अभिलेखों और सुनवाई में सामने आए तथ्यों के आधार पर प्राधिकार ने कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि सभी संबंधित पथों की नियमित निगरानी और स्थल निरीक्षण किया जाए। जहां निर्माण कार्य अधूरा है या कोई कार्य शेष है, उसे निर्धारित तकनीकी विनिर्देश, विभागीय मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप यथाशीघ्र पूरा कराया जाए। निर्देश के साथ अपीलीय वाद की कार्यवाही समाप्त कर दी गई।