पंडासराय में नए स्थल पर सजा आंगनबाड़ी केंद्र 191, सांसद धर्मशिला गुप्ता ने किया उद्घाटन,

सेविका नुसरत जहां को मिला प्रशस्ति पत्र, गर्भवती महिला की हुई गोद भराई

दस्तक 7 मीडिया, दरभंगा/गुड्डू राज 

समेकित बाल विकास परियोजना सदर क्षेत्र के वार्ड नंबर-48, पंडासराय स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-191 को नए स्थल पर स्थानांतरित कर विधिवत संचालन शुरू किया गया। गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन राज्यसभा सांसद धर्मशिला गुप्ता ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर केंद्र को आकर्षक ढंग से सजाया गया था।

कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सदर अंजना कुमारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि पप्पू महासेठ, विजय महासेठ, जिला पदाधिकारी के पूर्व स्टेनो जयप्रकाश सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, अभिभावक एवं महिलाएं मौजूद थीं।

कार्यक्रम के दौरान राज्यसभा सांसद धर्मशिला गुप्ता का पाग-चादर देकर स्वागत किया गया। इसके बाद आंगनबाड़ी सेविका नुसरत जहां ने बाल विकास परियोजना पदाधिकारी अंजना कुमारी का स्वागत किया। समारोह में गर्भवती महिला की गोद भराई की रस्म भी संपन्न कराई गई। सांसद ने गर्भवती महिला को शुभकामनाएं देते हुए प्रमाणपत्र प्रदान किया।

सांसद धर्मशिला गुप्ता ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण को लेकर सरकार लगातार विभिन्न स्तरों पर काम कर रही है। पोषण माह-2026 के तहत लोगों को पोषण, स्वास्थ्य और बच्चों की देखभाल के प्रति जागरूक करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 29 और 30 सितंबर तथा एक अक्टूबर को ‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ अभियान के तहत आंगन मिलन उत्सव आयोजित किया जा रहा है।

उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-191 की सेविका नुसरत जहां के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र को बेहतर तरीके से सजाया गया है। बच्चों में अनुशासन और संस्कार विकसित करने के साथ उनकी देखभाल और प्रारंभिक शिक्षा पर भी ध्यान दिया जा रहा है। सांसद ने सेविका को अच्छे कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

बाल विकास परियोजना पदाधिकारी अंजना कुमारी ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र में आंगन मिलन कार्यक्रम के साथ गर्भवती महिला की गोद भराई की रस्म कराई गई। उन्होंने कहा कि सांसद के हाथों यह कार्यक्रम संपन्न होना प्रसन्नता की बात है। उन्होंने कार्यक्रम में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया।

स्थानीय जनप्रतिनिधि पप्पू महासेठ ने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र भेजने की अपील की। उन्होंने कहा कि केंद्र पर बच्चों को पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं का लाभ मिलता है।

कार्यक्रम में जयप्रकाश सिंह, विजय महासेठ, मोहम्मद अजीजुल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अभिभावक, महिलाएं एवं अन्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान बच्चों और अभिभावकों में उत्साह देखा गया।