विधान परिषद चुनाव: शिक्षक सीट से सुरेश प्रसाद राय समेत पांच ने दाखिल किया नामांकन 

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

 बिहार विधान परिषद के 05-दरभंगा शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए नामांकन प्रक्रिया के तहत गुरुवार को कुल पांच अभ्यर्थियों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन निर्वाची पदाधिकारी-सह-आयुक्त, दरभंगा प्रमंडल हिमांशु कुमार राय के समक्ष दाखिल किए गए।

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सुरेश प्रसाद राय ने जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी के रूप में एक सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया।

वहीं, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से चार अभ्यर्थियों ने नामांकन किया। इनमें डॉ. अमरजी कुमार ने तीन सेट और रौशन कुमार ने चार सेट में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पर्चा दाखिल किया। अनिल कुमार झा ने चार सेट में राष्ट्रीय जनता दल तथा मोहम्मद इम्तियाज ने दो सेट में जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया।

इस तरह गुरुवार को शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से चार, कुल पांच अभ्यर्थियों ने नामांकन किया। नामांकन को लेकर समाहरणालय परिसर में दिनभर राजनीतिक गतिविधियां और प्रत्याशियों के समर्थकों की आवाजाही बनी रही।