अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर जिलेभर में हुए विविध कार्यक्रम,

स्वास्थ्य जांच, डिजिटल जागरूकता और विधिक अधिकारों की दी गई जानकारी; 10 लाभुकों को मिले ₹10-₹10 हजार के चेक

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिले में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, स्वास्थ्य एवं अधिकारों को लेकर जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला पदाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रमों में वृद्धजनों को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने, डिजिटल सेवाओं का उपयोग करने तथा अपने विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।

जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम संचालित वृद्धाश्रम एवं बुनियादी केन्द्र, दरभंगा में हुआ। यहां वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर लगाया गया। शिविर में रक्तचाप, ब्लड शुगर, पल्स रेट समेत सामान्य स्वास्थ्य की जांच की गई। चिकित्सकों ने निःशुल्क परामर्श देने के साथ आवश्यक दवाओं का वितरण भी किया। योग, प्राणायाम और चेयर-योग के माध्यम से वृद्धजनों को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में ‘डिजिटल साथी’ कॉर्नर के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को UPI, UMANG और डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र सहित विभिन्न डिजिटल सेवाओं के इस्तेमाल की जानकारी दी गई। वहीं प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में वरिष्ठ नागरिकों को बिहार माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण नियमावली, 2012 के तहत उनके विधिक अधिकारों की जानकारी दी गई।

विद्यालयों में बढ़ाया गया अंतर-पीढ़ीगत जुड़ाव

जिले के विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों और दादा-दादी, नाना-नानी को एक मंच पर लाने के लिए कई गतिविधियां आयोजित की गईं। वृद्धजनों ने बच्चों के साथ अपने जीवन के संघर्ष, अनुभव और पुरानी यादें साझा कीं। पुरानी तस्वीरों के माध्यम से यादों का आदान-प्रदान, वीडियो संस्मरण और ‘सीखो और सिखाओ’ जैसी गतिविधियां हुईं।

युवाओं ने वृद्धजनों को स्मार्टफोन चलाने, वॉइस टाइपिंग और साइबर फ्रॉड से बचाव की जानकारी दी। इसके बदले वरिष्ठ नागरिकों ने बच्चों को पारंपरिक शिल्प, बुनाई और जीवन-मूल्यों से जुड़े अनुभव बताए। बच्चों और वृद्धजनों ने संयुक्त रूप से पौधारोपण भी किया।

सम्मान और देखभाल की दिलाई गई शपथ

विभिन्न कार्यक्रमों में पदाधिकारियों, कर्मियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं युवाओं को वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, उचित देखभाल और भरण-पोषण के साथ उनके साथ होने वाले दुर्व्यवहार के विरोध की सामूहिक शपथ दिलाई गई। कार्यक्रमों का फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी के माध्यम से SAMAVESH पोर्टल पर दस्तावेजीकरण किया जा रहा है।

10 लाभुकों को मिले ₹10-₹10 हजार

अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री भिक्षावृत्ति योजना के तहत 10 लाभुकों को ₹10,000 प्रति व्यक्ति की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया।

जिला पदाधिकारी कौशल कुमार ने जिलेवासियों, युवाओं और सामाजिक संगठनों से वृद्धजनों को पर्याप्त समय, सम्मान और भावनात्मक सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि वृद्धजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव नई पीढ़ी को जीवन के मूल्यों और सही दिशा की समझ देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।