जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, प्रमंडल स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 के दूसरे दिन बुधवार को विभिन्न खेल विधाओं में बालक-बालिकाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। हैंडबॉल, वॉलीबॉल, रग्बी, कबड्डी और योग समेत कई स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

खेल विभाग, बिहार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय प्रतियोगिता में जिले के सरकारी और निजी विद्यालयों के खिलाड़ी पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ शामिल हुए। जिला खेल पदाधिकारी चंदन कुमार ने कहा कि खिलाड़ियों में प्रतिभा और उत्साह की कमी नहीं है। खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखते हुए प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में भी दरभंगा के खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। उन्होंने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास जारी रखने की सलाह दी।

हैंडबॉल के अंडर-14 बालक वर्ग में नारायणा इंटरनेशनल स्कूल की टीम विजेता बनी, जबकि श्री कृष्णा आइडियल पब्लिक स्कूल की टीम उपविजेता रही। अंडर-17 में प्लस टू राजकीय जीएस हाई स्कूल कसरौर ने पहला और सेंटोबा इंटरनेशनल स्कूल ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। अंडर-19 में पश्चिम कमला बांध स्कूल विजेता और पुनहद की टीम उपविजेता रही। अंडर-14 बालिका वर्ग में प्लस टू यूएचएस धनौली विजेता और आर. मेमोरियल एकेडमी उपविजेता रही।

योग की व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अंडर-14 बालिका वर्ग में नारायणा इंटरनेशनल स्कूल की वैष्णवी कुमारी प्रथम, अंशु कुमारी द्वितीय और मायरा तृतीय रहीं। अंडर-17 में दरभंगा पब्लिक स्कूल की आरोही झा प्रथम, आरोही कुमारी द्वितीय और अर्पिता तृतीय रहीं। अंडर-19 में मेघा झा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

बालक वर्ग के योग मुकाबलों में अंडर-14 में मैडोना इंग्लिश स्कूल के शाश्वत प्रथम, सुशांत कुमार गुप्ता द्वितीय और अभिनव राज तृतीय रहे। अंडर-17 में भास्कर कुमार झा प्रथम, सुधी रंजन द्वितीय और नमन राज तृतीय रहे। अंडर-19 में दरभंगा पब्लिक स्कूल के केशव महाराज प्रथम और प्रियांशु राज द्वितीय रहे।

व्यक्तिगत स्पर्धाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को जिला खेल पदाधिकारी चंदन कुमार ने मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए आगे की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तैयारी करने को कहा।

प्रतियोगिता के तीसरे दिन 1 अक्टूबर को नेहरू स्टेडियम, लहेरियासराय में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग के फुटबॉल मुकाबले होंगे। प्रतियोगिता का समापन 2 अक्टूबर को होगा।