बेनीपुर उपकारा में भोजन की गुणवत्ता पर प्रधान जिला जज नाराज,

औचक निरीक्षण में 278 बंदी मिले, पानी व टेलीफोन सुविधा दुरुस्त करने का निर्देश

बेनीपुर विधि संवाददाता।

 प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दरभंगा अजय कुमार शर्मा ने मंगलवार को उपकारा बेनीपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बंदियों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने काराधीक्षक को साप्ताहिक भोजन तालिका के अनुरूप बंदियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने का कड़ा निर्देश दिया।

प्रधान जिला जज ने कारा में बंदियों से उनकी समस्याओं और कारा व्यवस्था की जानकारी ली। बंदियों ने पानी की उपलब्धता में सुधार की मांग रखी। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बंदियों ने परिजनों से बातचीत के लिए टेलीफोन सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग की। प्रधान जिला जज ने कहा कि कानून के तहत बंदियों को परिजनों से मुलाकात और बातचीत का अधिकार है। नियमानुसार इसके लिए उचित सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिला वार्ड, चिकित्सालय और विधिक सहायता केंद्र का भी जायजा लिया। उन्होंने बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क विधिक सहायता की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के समय उपकारा में 262 पुरुष और 16 महिला समेत कुल 278 बंदी निरुद्ध पाए गए। मौके पर जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम ऋषि गुप्ता, एसीजेएम रौशन कुमार छापोलिया, उपकारा अधीक्षक वीरेंद्र कुमार राय, उपाधीक्षक विनोद कुमार और सहायक उपाधीक्षक अमितेश कुमार मौजूद थे।