गांधी जयंती पर दरभंगा की सभी पंचायतों में होगी नशा विरोधी शपथ,

2 अक्टूबर को विशेष ग्राम सभाओं में सामूहिक संकल्प, जीविका दीदियों, युवाओं, शिक्षकों व ग्रामीणों की होगी भागीदारी

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

नशे के खिलाफ जन-जागरूकता को धार देने के लिए गांधी जयंती पर जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष अभियान चलाया जाएगा। 2 अक्टूबर को आयोजित विशेष ग्राम सभाओं में राष्ट्रीय नशा विरोधी शपथ दिलाई जाएगी। इसका उद्देश्य युवाओं समेत समाज के सभी वर्गों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

जिला पदाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा निदेशालय, समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार के निर्देश पर नशा मुक्त भारत अभियान (NMBA) के तहत जिले में लगातार जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित विशेष ग्राम सभाओं को इस अभियान से जोड़कर व्यापक स्तर पर सामूहिक संकल्प कराया जाएगा।

डीएम ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और जिला पंचायती राज पदाधिकारी को निर्देश दिया है कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में होने वाली ग्राम सभा में जीविका दीदियों, शिक्षकों, युवाओं और स्थानीय ग्रामीणों की शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित की जाए। साथ ही नशा विरोधी शपथ कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार भी कराया जाए।

उन्होंने कहा कि नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करना और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है। इसी उद्देश्य से ग्राम स्तर पर लोगों को अभियान से जोड़ने की पहल की जा रही है।

अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, दरभंगा को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। वे सभी प्रखंडों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम के आयोजन और प्रगति की निगरानी करेंगे।