नेहरा पुलिस की कारवाई के क्या कहने ,एसबीआई से निकाले पांच लाख को डिक्की से शातिर ने उड़ाये , पुलिस ने कटिहार से पूरी रकम बरामद की

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

एसबीआई की सकरी शाखा से पांच लाख रुपये निकालकर बाइक की डिक्की में रखकर घर लौट रहे व्यक्ति की रकम चोरी होने के मामले का नेहरा थाना पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान के साथ सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करते हुए कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र स्थित उसके घर पर छापेमारी की। हालांकि आरोपी घर से फरार मिला, लेकिन तलाशी के दौरान बक्से से चोरी के पूरे पांच लाख रुपये बरामद कर लिए गए।

पुलिस के अनुसार, बहेड़ा थाना क्षेत्र के नमती निवासी सुबोध दास ने 25 सितंबर को नेहरा थाना में आवेदन देकर बताया था कि उन्होंने एसबीआई की सकरी शाखा से पांच लाख रुपये निकाले थे। रकम बाइक की डिक्की में रखकर वह नमती स्थित अपने घर जा रहे थे। ललुआ के आगे एक मोटरसाइकिल गैरेज के पास उन्होंने बाइक रोककर सड़क किनारे लघुशंका के लिए गए। कुछ देर बाद वापस लौटे तो बाइक की डिक्की से पांच लाख रुपये गायब मिले।

मामले में नेहरा थाना कांड संख्या 132/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों तथा मानवीय सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटना में संलिप्त संदिग्ध की पहचान रितिक कुमार, पिता प्रभु यादव, निवासी जुरावगंज, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार के रूप में की। इसके बाद नेहरा थाना से गठित टीम ने कोढ़ा थाना क्षेत्र में उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी घर से फरार हो गया था।

पुलिस ने उसके घर की विधिवत तलाशी ली तो एक बक्से से चोरी की गई पूरी पांच लाख रुपये की नकदी बरामद हो गई। रकम को जब्ती सूची तैयार कर विधिवत जब्त कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

छापेमारी टीम में पु.अ.नि.-सह-थानाध्यक्ष मोती कुमार, पु.अ.नि. अरुण कुमार तथा बीएचजी 301550 सबिरूल हसन खान शामिल थे।