कुशेश्वरस्थान में बाढ़ से फसलों की भारी तबाही, विधायक अतिरेक कुमार ने डीएम से की क्षति आकलन और जल्द मुआवजे की मांग

दस्तक 7 मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता,दरभंगा।

बिहार के अत्यंत बाढ़ प्रभावित कुशेश्वरस्थान (78-कुशेश्वरस्थान विधानसभा) क्षेत्र में हाल ही में आई भीषण बाढ़ के कारण हजारों हेक्टेयर में लगी फसलें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं। क्षेत्र का अधिकांश हिस्सा जलमग्न हो जाने से स्थानीय किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है, जिससे वे अत्यंत निराश एवं हताश हैं। किसानों की इस बदहाली को देखते हुए कुशेश्वरस्थान के विधायक अतिरेक कुमार ने दरभंगा के जिला पदाधिकारी को पत्र लिखकर प्रभावित किसानों को त्वरित राहत उपलब्ध कराने की मांग की है। जिसमें विधायक ने कुशेश्वरस्थान विधानसभा क्षेत्र में कृषि विभाग की विशेष टीम को तुरंत भेजकर बाढ़ से हुई फसल क्षति का धरातलीय आकलन (सर्वे) कराया जाए। क्षेत्र के सभी प्रभावित किसानों को नियमानुसार उचित मुआवजा तथा ‘कृषि इनपुट अनुदान’ की राशि बिना किसी विलंब के प्रदान की जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके। विधायक ने पत्र के माध्यम से जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट करते हुए कहा है कि किसान प्राकृतिक आपदा के कारण दोहरी मार झेल रहे हैं। ऐसे में प्रशासनिक स्तर पर तुरंत सर्वे कराकर मुआवजा राशि वितरित करना बेहद आवश्यक है। क्षेत्र के किसानों को भी अब प्रशासन की ओर से त्वरित सहायता राशि मिलने की आस है।