बाढ़ प्रभावित पंचायतों में पहुंचीं विधायक कोमल सिंह, ग्रामीणों ने सुनाई समस्याएं,

सामुदायिक किचन व पेयजल की व्यवस्था कराने का दिया निर्देश, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत पर भी जोर

दीपक कुमार/ गायघाट

 गायघाट विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न पंचायतों में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने बुधवार को विधायक कोमल सिंह ने प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

ग्रामीणों ने बाढ़ के कारण उत्पन्न हो रही परेशानियों, भोजन, पेयजल और आवागमन की समस्या से विधायक को अवगत कराया। विधायक ने अधिकारियों को अविलंब सामुदायिक किचन शुरू कराने तथा प्रभावित लोगों के लिए पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही जरूरतमंद परिवारों के बीच त्रिपाल एवं पन्नी का वितरण कराने को कहा।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों और प्रभावित मार्गों का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए सड़कों को दुरुस्त कराने तथा आवागमन सुचारू बनाए रखने का निर्देश दिया।

विधायक ने कहा कि बाढ़ की इस मुश्किल घड़ी में प्रभावित परिवारों तक राहत और जरूरी सुविधाएं पहुंचाना प्राथमिकता है। प्रशासनिक अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने को कहा गया है। मौके पर सीओ पुष्प राज, बेनीबाद थाना प्रभारी धीरेंद्र कुमार सिंह आदि थे।