पैर में गोली लगने के मामले का पुलिस ने किया खुलासा, घायल के भाई ने छिपाया था देसी कट्टा और खोखा।
दुकान बंद कर घर लौटने के बाद कपड़ा बदलते समय हुआ फायर, पुलिस जांच में सामने आई अलग कहानी, साक्ष्य छिपाने के आरोप में घायल का भाई गिरफ्तार।

दस्तक 7 मीडिया, प्रशांत कुमार कुशेश्वरस्थान/दरभंगा।

कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के केवटगामा गांव में पैर में गोली लगने से घायल हुए युवक के मामले में पुलिस ने जांच के बाद बड़ा खुलासा किया है। प्रारंभिक सूचना में अज्ञात बदमाशों द्वारा गोली मारने की बात सामने आई थी, लेकिन पुलिस की गहन जांच और परिजनों से पूछताछ के बाद घटना की तस्वीर पूरी तरह अलग निकली।

बिरौल एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 29 सितंबर 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि केवटगामा निवासी सुरवित कुमार उर्फ सचिन सिंह, पिता सदन प्रसाद सिंह, के पैर में गोली लगी है और वह बिरौल स्थित प्रथम हॉस्पिटल में इलाजरत है। सूचना मिलने के बाद मामले की जांच शुरू की गई।

एसडीपीओ श्री तिवारी ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में घायल सुरवित कुमार उर्फ सचिन सिंह ने बताया कि वह दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें गोली मार दी। घटना के संबंध में जब घायल के परिजनों से पूछताछ की गई तो उनके बयानों में विरोधाभास पाया गया।

गहराई से जांच में बदली पूरी कहानी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटना की गहराई से जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, घायल की पत्नी मीरा कुमारी से भी पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान सामने आया कि 28 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे सुरवित कुमार अपनी दुकान बंद कर घर पहुंचे थे। घर पहुंचने के बाद जब वह अपने कमरे में कपड़ा बदल रहे थे, उसी दौरान उनके पास रखा एक देशी लोडेड कट्टा नीचे गिर गया। कट्टा गिरने से फायर हो गया और गोली उनके पैर में लगते हुए आर-पार हो गई।
पुलिस का कहना है कि गोली लगने के बाद मामले को छिपाने के लिए परिजनों ने पुलिस को तत्काल वास्तविक घटना की जानकारी नहीं दी और घायल का इलाज गुप्त तरीके से बिरौल स्थित प्रथम हॉस्पिटल में कराया गया।

घायल के भाई पर साक्ष्य छिपाने का आरोप।

जांच के दौरान पुलिस ने घायल की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार और खोखा बरामद किया। पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि घायल के भाई भानु कुमार सिंह ने घटना के साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से देशी कट्टा और खोखा घर के सामने पेड़ के नीचे गाड़ दिया था।
पुलिस ने भानु कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है और
एक देशी कट्टा, एक खोखा बरामद किया गया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान भानु कुमार सिंह, पिता सदन प्रसाद सिंह, निवासी केवटगामा, थाना कुशेश्वरस्थान, जिला दरभंगा के रूप में हुई है।

पुलिस टीम ने की कार्रवाई।

पूरे मामले की जांच एवं कार्रवाई कुशेश्वरस्थान थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद, तिलकेश्वर थानाध्यक्ष केसरी नंदन राम तथा पुलिस पदाधिकारियों में रूपेन्द्र कुमार सिंह, मानव शंकर की टीम द्वारा की गई।
एसडीपीओ श्री तिवारी ने बताया है कि मामले की जांच के दौरान घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों और बयानों का मिलान किया गया, जिसके बाद गोली लगने की वास्तविक परिस्थितियां सामने आईं। प्रथम दृष्टया यह मामला अज्ञात बदमाशों द्वारा गोली मारने का नहीं, बल्कि घर में रखे देशी कट्टे से दुर्घटनावश गोली चलने का सामने आया है। मामले में साक्ष्य छिपाने को लेकर भी कार्रवाई की गई है।