पोखराम में भाजयुमो का सेवा संकल्प अभियान, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ के तहत रोपे गए 25 पौधे,

स्वच्छ पर्यावरण और हरित भविष्य का संकल्प। जिलाध्यक्ष नीरज चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ वृहद पौधारोपण कार्यक्रम

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो), दरभंगा पूर्वी द्वारा आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण को समर्पित “एक पेड़ माँ के नाम” कार्यक्रम बिरौल प्रखंड के पोखराम पंचायत सरकार भवन परिसर में अत्यंत उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। भाजयुमो जिला अध्यक्ष नीरज चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित इस पौधारोपण अभियान के दौरान परिसर में 25 पौधे रोपे गए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस को प्रकृति से जोड़ना और पर्यावरण संतुलन के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष नीरज चौधरी ने कहा कि यह पहल केवल एक औपचारिक पौधारोपण नहीं, बल्कि हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने का एक दृढ़ संकल्प है। अपनी माँ के सम्मान में एक पौधा लगाना न केवल हमारी भावनात्मक अभिव्यक्ति है, बल्कि धरती माता के प्रति हमारा नैतिक कर्तव्य भी है। इस सेवा संकल्प अभियान में संगठन के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। मौके पर भगवान चौधरी, मोहन चौधरी, धीरज चौधरी,आनंद चौधरी, संजय मुखिया, द्वारका चौधरी, अमरजीत चौधरी,सोनू मालिक,मोनू मालिक, सोनू भगत, सुशील चौधरी सत्यम झा, विकेश चौधरी, विक्रांत चौधरी एवं सोनू चौधरी सहित कई लोग मौजूद थे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा करने की सामूहिक जिम्मेदारी ली।