डीएमसीएच की ट्रेनी ओटी असिस्टेंट से छेड़छाड़, ड्रेसर गिरफ्तार,

इमरजेंसी के ड्रेसर कक्ष में खींचकर अश्लील हरकत करने का आरोप, शोर मचाने पर भागा आरोपी

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /अफजल खान 

डीएमसीएच की इमरजेंसी में ड्यूटी कर रही ट्रेनी ओटी असिस्टेंट से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर बेंता थाना पुलिस ने आउटसोर्सिंग पर तैनात ड्रेसर सुजीत कुमार को गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। घटना सोमवार देर शाम की बताई गई है। मामले के बाद संबंधित आउटसोर्सिंग एजेंसी ने आरोपी की सेवा भी समाप्त कर दी है।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता डीएमसीएच पारा मेडिकल कॉलेज की सेकेंड ईयर की छात्रा है और ट्रेनी के रूप में सर्जरी ओटी में कार्यरत है। सोमवार शाम करीब सात बजे वह इमरजेंसी में ड्यूटी पर थी। इसी दौरान वह ड्रेसर कक्ष के पास से गुजर रही थी। छात्रा का आरोप है कि वहां मौजूद ड्रेसर सुजीत कुमार ने उसका हाथ पकड़कर उसे कमरे के अंदर खींच लिया और उसके साथ अश्लील हरकत करने लगा।

छात्रा के शोर मचाने पर आसपास मौजूद अस्पताल कर्मी और सुरक्षा गार्ड मौके की ओर पहुंचे। लोगों को आता देख आरोपी वहां से भाग निकला। घटना की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल प्रशासन ने पीड़िता से जानकारी ली और मामले की सूचना बेंता थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही बेंता थानाध्यक्ष विनय कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ डीएमसीएच पहुंचे। पीड़िता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी ड्रेसर को गिरफ्तार कर लिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। मंगलवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

इधर, जांच के दौरान पुलिस टीम ने इमरजेंसी स्थित ड्रेसर कक्ष का निरीक्षण किया। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। अस्पताल अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र के निर्देश पर संबंधित आउटसोर्सिंग एजेंसी ने आरोपी ड्रेसर की सेवा समाप्त कर दी है।