बिरौल थाना में ‘चाइल्ड हेल्प डेस्क’ की शुरुआत, बच्चों की सुरक्षा और सहायता के लिए बिहार पुलिस की विशेष पहल

दस्तक 7 मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

कमजोर वर्ग, अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी), बिहार, पटना के तत्वावधान में दरभंगा जिले के बिरौल थाना में बच्चों के अधिकारों की रक्षा और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार से ‘चाइल्ड हेल्प डेस्क’ का शुभारंभ किया गया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य “सुरक्षित बच्चे | संवेदनशील पुलिस | बेहतर भविष्य” के संकल्प को धरातल पर उतारना है।

“बच्चों की सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता” के संदेश के साथ बिरौल थाना में स्थापित इस हेल्प डेस्क पर आने वाले बच्चों की बातें पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।संकटग्रस्त या पीड़ित बच्चों को त्वरित कानूनी सहायता, सलाह और आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। साथ ही किसी भी आपात स्थिति के लिए चाइल्डलाइन 1098 (24 घंटे उपलब्ध) जारी किया गया है। वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी द्वारा पु.अ.नि अपर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार को बाल कल्याण पुलिस अधिकारी (CWPO) नियुक्त किया है। जिनका संपर्क/मोबाइल नंबर- 9534782009 के अलावा राष्ट्रीय हेल्पलाइन- 1098 (24×7 मदद) को सार्वजनिक किया गया है।

“हर बच्चा महत्वपूर्ण है, हर आवाज सुनी जाती है” बिहार पुलिस का उद्देश्य बच्चों में यह विश्वास जगाना है कि “तुम अकेले नहीं हो…” और पुलिस हर कदम पर बच्चों की सुरक्षा के लिए उनके साथ खड़ी है।