ढाई हजार खिलाड़ियों ने दिखाया दम, डीएम ने बढ़ाया हौसला,

जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता शुरू, 2 अक्टूबर तक अलग-अलग खेलों में होगा मुकाबला

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

नेहरू स्टेडियम लहेरियासराय में मंगलवार से जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 का आगाज हुआ। खेल विभाग बिहार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय प्रतियोगिता में सरकारी और निजी विद्यालयों के 2500 से अधिक बालक-बालिकाएं विभिन्न खेल विधाओं में हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता 29 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगी।

जिला पदाधिकारी कौशल कुमार ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने विभिन्न विद्यालयों की टीमों के खिलाड़ियों से मुलाकात कर परिचय प्राप्त किया। खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका उत्साह बढ़ाते हुए डीएम ने कहा कि जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण ईमानदारी, मेहनत और खेल भावना के साथ अपना शत-प्रतिशत देना है।

उन्होंने कहा कि खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष करने का जज्बा पैदा करता है। परिणाम की चिंता किए बिना पूरे उत्साह के साथ खेलने और साथी खिलाड़ियों का सम्मान करने की अपील की। डीएम ने कहा कि दरभंगा में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें बेहतर अवसर, मार्गदर्शन और नियमित अभ्यास का मंच देने की।

प्रतियोगिता के दौरान एथलेटिक्स वॉलीबॉल का आयोजन नेहरू स्टेडियम, शतरंज का बिहार बाल भवन किलकारी, बैडमिंटन का इंडोर हॉल, कबड्डी का लॉन टेनिस कोर्ट तथा टेबल टेनिस व कुश्ती का आयोजन खेल भवन में किया गया।

पहले दिन एथलेटिक्स में अंडर-14 बालिका वर्ग में नारायना इंटरनेशनल स्कूल की वैष्णवी कुमारी, अंडर-17 में उच्च माध्यमिक विद्यालय तरलाही की सूधा कुमारी और अंडर-19 में प्लस टू उच्च विद्यालय पंचोभ की गुड़िया कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया। गोला फेंक के अंडर-14 में महात्मा गांधी शिक्षण संस्थान के प्रत्युष राज, अंडर-17 में नीतीश कुमार और अंडर-19 में प्लस टू देवनारायण उच्च विद्यालय पंचोभ के सनी कुमार विजेता रहे।

चक्का फेंक में डीएवी दरभंगा की शैलजा, महात्मा गांधी शिक्षण संस्थान की प्रिया कुमारी और प्लस टू सीके उच्च विद्यालय सिंहवाड़ा की अंबैया सुल्तान ने अपने-अपने वर्ग में पहला स्थान प्राप्त किया।

वॉलीबॉल में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालिका वर्ग में भालपट्टी के विभिन्न विद्यालयों की टीमें विजेता रहीं। टेबल टेनिस में दरभंगा पब्लिक स्कूल की साक्षी कुमारी और डीएवी पब्लिक स्कूल के भास्कर बानो ने अपने वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। कुश्ती के अंडर-17 वर्ग में उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय बिरौल अकबरपुर के मो. महताब ने स्वर्ण पदक जीता।

विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए प्रतियोगिता स्थल पर चिकित्सीय टीम व नर्सिंग स्टाफ की भी व्यवस्था की गई थी।

30 सितंबर को अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग में हैंडबॉल, रग्बी, बास्केटबॉल, भारोत्तोलन, योग और खो-खो की प्रतियोगिताएं होंगी।