स्टार्टअप बिहार आइडिया बूटकैंप में युवाओं ने पेश किए नवाचार के आइडिया,

विशेषज्ञों ने परखी व्यावसायिक संभावनाएं, बाजार और समाधान की उपयोगिता पर मिला मार्गदर्शन

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में मंगलवार को स्टार्टअप सेल की ओर से उद्योग विभाग, बिहार सरकार की पहल के तहत ‘स्टार्टअप बिहार आइडिया बूटकैंप’ का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों और स्टार्टअप व उद्यमिता में रुचि रखने वाले युवाओं ने अपने नवाचारी विचार और व्यावसायिक अवधारणाएं विशेषज्ञों के सामने प्रस्तुत कीं।

बूटकैंप का उद्देश्य युवाओं के विचारों को पहचानने, उनकी व्यावहारिक एवं व्यावसायिक संभावनाओं को परखने तथा उन्हें स्टार्टअप की दिशा में आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन देना था। प्रतिभागियों ने अपने आइडिया से जुड़ी समस्या, प्रस्तावित समाधान, लक्षित ग्राहक, बाजार की संभावनाओं और आगे की कार्ययोजना के बारे में जानकारी दी।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक सुरूचि कुमारी ने युवाओं को उद्यमिता के क्षेत्र में आगे आने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने स्थानीय समस्याओं को पहचानकर उनके समाधान विकसित करने और उन्हें रोजगार व उद्यम के अवसरों में बदलने पर जोर दिया।

बूटकैंप में आईआईटीयन पास्ता वाला के आलोक कुमार, अभिकेयर के संस्थापक अभिमन्यु कुमार आजाद, पाउष्टिक फूड्स के संस्थापक सुमन कुमार और आईआईएम बोधगया के रित्विक अभिलाष ने मेंटर के रूप में प्रतिभागियों के विचारों पर मार्गदर्शन दिया। विशेषज्ञों ने समस्या की वास्तविकता, ग्राहक की जरूरत, समाधान की उपयोगिता, बाजार, बिजनेस मॉडल और विस्तार की संभावनाओं पर सवाल-जवाब के जरिए विचारों को परखा।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. चंदन कुमार ने विद्यार्थियों में नवाचार और उद्यमिता की संस्कृति विकसित करने में स्टार्टअप सेल की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। वहीं स्टार्टअप सेल के संकाय प्रभारी अंकित कुमार ने विद्यार्थियों से अपने विचारों को लगातार बेहतर बनाने और उन्हें व्यावहारिक समाधान के रूप में विकसित करने का आह्वान किया।

जिला स्टार्टअप समन्वयक सूर्य प्रकाश ने प्रतिभागियों को स्टार्टअप बिहार के तहत उपलब्ध अवसरों, मार्गदर्शन और आगे की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से अपने विचारों को प्रस्तुति तक सीमित न रखकर वास्तविक समस्याओं के समाधान और संभावित व्यवसाय में बदलने की अपील की।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, स्टार्टअप सेल के सदस्य और अन्य प्रतिभागी मौजूद रहे।