एसएससी सीजीएल परीक्षा को लेकर दरभंगा में 100 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा,

14 से 23 अक्टूबर तक पांच तिथियों में होगी संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा, परीक्षा केंद्र पर मोबाइल व इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना प्रतिबंधित

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए परीक्षा केंद्र के आसपास 100 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू कर दी है। परीक्षा 14, 15, 16, 22 और 23 अक्टूबर को आयोजित होगी।

जिला दंडाधिकारी कौशल कुमार के आदेश पर सदर एसडीओ कुमार गौरव ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) 2023 की धारा-163 के तहत यह आदेश जारी किया है। परीक्षा दरभंगा शहरी क्षेत्र स्थित आदर्श परीक्षा केंद्र, बिहार विद्यालय परीक्षा समिति क्षेत्रीय कार्यालय, नाका नंबर-06, जिला स्कूल परिसर में आयोजित की जाएगी।

आदेश के अनुसार परीक्षा केंद्र के 100 मीटर के दायरे में पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने पर रोक रहेगी। इसके अलावा आग्नेयास्त्र, घातक हथियार और विस्फोटक आदि लेकर चलने पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा के दौरान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्र के इस्तेमाल पर भी रोक रहेगी।

प्रशासन ने परीक्षा केंद्र के अंदर परीक्षार्थियों और परीक्षा से जुड़े अन्य लोगों के लिए मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, वाई-फाई गैजेट, इलेक्ट्रॉनिक पेन, पेजर, व्हाइटनर, इरेजर, ब्लेड, सेल्युलर फोन सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध लगाया है।

एसडीओ ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। हालांकि परीक्षा ड्यूटी में तैनात पदाधिकारी, पुलिसकर्मी व बल के जवान, प्रशासन द्वारा जारी पासधारी तथा शवयात्रा, धार्मिक जुलूस और शादी-विवाह जैसे कार्यक्रमों में शामिल लोगों के मामले में यह आदेश शिथिल रहेगा।