युवक की संदिग्ध स्थिति में मौत, करंट लगने की आशंका
-मोटर ठीक करने के दौरान बेहोश होने की बात, डीएमसीएच में डॉक्टर ने मृत घोषित किया,-पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण

दस्तक 7मीडिया,दरभंगा /अफजल खान

 बहादुरपुर थाना क्षेत्र के देकुली में मंगलवार की सुबह संदिग्ध स्थिति में एक युवक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। मृतक की पहचान देकुली वार्ड नंबर 15 निवासी सोगारथ यादव के इकलौते पुत्र मोनू यादव (26) के रूप में हुई है। वह वाहन चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था।

डीएमसीएच पोस्टमार्टम हाउस परिसर में मौजूद परिजनों ने बताया कि मंगलवार की अलसुबह घर का पानी का मोटर खराब हो गया था। मोनू मोटर को ठीक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान उसे करंट लगने की आशंका है, जिससे वह बेहोश होकर गिर गया। घर में बुजुर्ग माता-पिता के अलावा कोई नहीं रहने के कारण घटना की जानकारी परिजनों को तत्काल नहीं मिल सकी।

कुछ देर बाद पिता की नजर बेसुध मोनू पर पड़ी। उनके शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में मोनू को डीएमसीएच इमरजेंसी ले गए। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इकलौते पुत्र की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत करंट लगने से हुई या किसी अन्य कारण से, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।