मवेशी घर में लगी भीषण आग, जिंदा जले तीन दुधारू पशु

दस्तक 7 मिडिया, घनश्यामपुर।

स्थानीय थाना क्षेत्र के पोहद्दी बेला गांव में सोमवार देर रात अचानक लगी भीषण आग में एक मवेशी घर पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग की चपेट में आने से घर के अंदर खूंटे से बंधे तीन दुधारू मवेशियों की जिंदा जलने से मौत हो गई। हादसे में मवेशी घर, चारा और पशुओं समेत करीब पांच लाख रुपए की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है। जानकारी के अनुसार, पोहद्दी बेला गांव निवासी अरुण कुमार के मवेशी घर में देर रात अचानक आग की लपटें उठने लगीं।

गृहस्वामी के मुताबिक, मच्छरों से बचाव के लिए रात में मवेशी घर के पास घूरा जलाया गया था। आशंका है कि इसी से निकली चिंगारी ने पास रखे सूखे चारे को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते आग पूरे मवेशी घर में फैल गई। आग की लपटें तेज होने के कारण परिजन और ग्रामीण काफी प्रयास के बावजूद अंदर बंधे मवेशियों को बाहर नहीं निकाल सके। ग्रामीणों ने आग बुझाने और पशुओं की रस्सियां खोलने का प्रयास किया, लेकिन विकराल लपटों के कारण वे भीतर नहीं जा सके। देखते ही देखते पूरा मवेशी घर आग की चपेट में आ गया। घटना की सूचना मिलने पर अग्निशमन दस्ता मौके पर पहुंचा। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक तीनों मवेशी बुरी तरह झुलस चुके थे और उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है। अंचलाधिकारी अभिषेक सौरभ से मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।