टाटा मोटर्स कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले, बोनस में रिकॉर्ड बढ़ोतरी

दस्तक 7मीडिया , जमशेदपुर।

टाटा मोटर्स के कमर्शियल व्हीकल और पैसेंजर व्हीकल कारोबार के डीमर्जर के बाद जमशेदपुर प्लांट के कर्मचारियों के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 का ऐतिहासिक बोनस समझौता हुआ है। प्रबंधन और टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के बीच वार्ता के बाद हुए समझौते का लाभ करीब 8,000 स्थायी कर्मचारियों को मिलेगा।

इस साल कर्मचारियों को 14.03 प्रतिशत बोनस देने पर सहमति बनी है। पिछले वर्ष यह बोनस 12.3 प्रतिशत था। यानी इस बार बोनस में 1.73 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। पात्र कर्मचारियों को अधिकतम 87,543 रुपये तक बोनस मिलेगा, जबकि औसत बोनस राशि 53,787 रुपये होगी।

बोनस के अलावा प्रत्येक कर्मचारी को 1,150 रुपये का गिफ्ट वाउचर/कूपन भी दिया जाएगा। बोनस की राशि 1 अक्टूबर को नियमित वेतन के साथ कर्मचारियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी।

रोजगार के मोर्चे पर भी बड़े फैसले

समझौते में रोजगार और कर्मचारियों के भविष्य को लेकर भी महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। प्लांट में 151 फुल टर्म अप्रेंटिस (FTA) की नई बहाली की जाएगी। इसकी प्रक्रिया दुर्गापूजा के बाद पूरी होने की बात कही गई है।

वहीं, स्किल ट्रेनिंग पूरी कर चुके 148 ट्रेनी युवाओं को दो वर्ष का डिप्लोमा कराया जाएगा। इसके बाद उन्हें स्थायी कर्मचारी बनाए जाने का प्रावधान है।

‘प्रगति’ योजना के तहत अरका जैन यूनिवर्सिटी से डिप्लोमा करने वाले 40 कर्मचारियों को प्रमोशन के साथ दो विशेष इंक्रीमेंट दिए जाएंगे। इसके अलावा जेओ और ई ग्रेड कर्मचारियों के लिए लंबे समय से लंबित क्वार्टर आवंटन फिर शुरू करने का निर्णय लिया गया है।

सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए भी समझौते में राहत है। करीब 200 रिटायर्ड कर्मचारियों को एन्युएशन के तहत 15,791 रुपये की राशि दी जाएगी।

समझौते पर कंपनी की ओर से प्लांट हेड अनुराग छारिया, एचआर हेड समेत वरिष्ठ अधिकारियों और यूनियन की ओर से अध्यक्ष शशीभूषण प्रसाद व महामंत्री आरके सिंह ने हस्ताक्षर किए।