पटना में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई: ADM सप्लाई और सब-रजिस्ट्रार के चार ठिकानों पर छापा
पटना में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई: ADM सप्लाई और सब-रजिस्ट्रार के चार ठिकानों पर छापा
पटना में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई: ADM सप्लाई और सब-रजिस्ट्रार के चार ठिकानों पर छापा
दस्तक 7मीडिया /पटना
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में पटना के एडीएम सप्लाई रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी, दानापुर की डिस्ट्रिक्ट सब-रजिस्ट्रार कुमारी स्वीटी के चार ठिकानों पर सोमवार को एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई पटना और बेगूसराय स्थित आवास तथा दोनों के कार्यालयों में की गई। तलाशी के दौरान 70 लाख रुपये से अधिक नकद, करीब 80 लाख रुपये मूल्य के जेवर और एक करोड़ रुपये से अधिक कीमत की करीब 40 विदेशी घड़ियां बरामद किए जाने की बात सामने आई है।
नोट गिनने के लिए मंगानी पड़ी मशीन
विजिलेंस टीम को बरामद नकदी इतनी अधिक मिली कि नोटों की गिनती के लिए करेंसी काउंटिंग मशीन का सहारा लेना पड़ा। टीम को दोनों आवासों से 500 रुपये के नोटों की 100 से अधिक गड्डियां मिलने की जानकारी दी गई है। इसके अलावा निवेश और चल-अचल संपत्तियों से जुड़े कई दस्तावेज भी जांच टीम के हाथ लगे हैं।
1.06 करोड़ से अधिक की आय से अधिक संपत्ति का मामला
निगरानी ब्यूरो के अनुसार, 1,06,85,900 रुपये की आय से अधिक संपत्ति का पता चलने के बाद इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। इसी मामले में कोर्ट से सर्च वारंट प्राप्त करने के बाद सोमवार दोपहर एक साथ चार स्थानों पर तलाशी शुरू की गई।
पटना और बेगूसराय में हुई कार्रवाई
विजिलेंस की टीम ने पटना में रविंद्र कुमार दिवाकर के आवास और कार्यालय के अलावा बेगूसराय नगर थाना क्षेत्र के पोखरिया वार्ड संख्या-37 स्थित पैतृक आवास पर भी तलाशी ली। दंपति के कार्यालयों में तलाशी के दौरान फिलहाल कोई बड़ी बरामदगी नहीं होने की जानकारी है।
रविंद्र कुमार दिवाकर पूर्व में गया में एसडीएम और सारण में डीपीआरओ के पद पर रह चुके हैं। करीब एक वर्ष से वह पटना में एडीएम सप्लाई के पद पर तैनात बताए जा रहे हैं। वर्तमान में वह रूपसपुर थाना क्षेत्र के नहर रोड स्थित कश्यप ग्रीनसिटी में किराये के फ्लैट में रह रहे हैं। इसी परिसर में उनके द्वारा दो फ्लैट खरीदे जाने की भी जानकारी सामने आई है।
विजिलेंस की कार्रवाई में नकदी, जेवर, महंगी विदेशी घड़ियों और निवेश संबंधी दस्तावेजों की बरामदगी ने आय से अधिक संपत्ति के मामले को जांच के केंद्र में ला दिया है।