एम्स के पास जमीन विवाद में हुई फायरिंग में तीसरी गिरफ्तारी,छठे दिन पुलिस ने मोहम्मद आजाद को दबोचा, पूछताछ के बाद भेजा गया न्यायिक हिरासत में

संवाददाता, हनुमाननगर, दरभंगा।
दरभंगा एम्स के समीप तालपुपरी मौजा में विवादित जमीन को लेकर हुई फायरिंग के मामले में विशनपुर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। घटना के छठे दिन सोमवार को पुलिस ने नामजद आरोपित मोहम्मद आजाद को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी विशनपुर थाना कांड संख्या 156/26 में विजय भगत को गोली मारने से जुड़े मामले में की गई है। इस मामले में मोहम्मद आजाद की गिरफ्तारी तीसरी बताई जा रही है। पुलिस की कार्रवाई के बाद जमीन विवाद और फायरिंग की घटना से जुड़े अन्य आरोपितों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी तेज कर दी गई है।
थानाध्यक्ष अरविन्द कुमार ने बताया कि एम्स निर्माण स्थल के आसपास जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान फायरिंग की घटना सामने आई थी, जिसके बाद प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया। अनुसंधान के क्रम में नामजद आरोपित मोहम्मद आजाद की गिरफ्तारी की गई है।
थानाध्यक्ष ने कहा कि मामले में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजा जाएगा।