दहेज के लिए विवाहिता की हत्या का आरोप, 26 दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं, पीड़ित न्याय के लिए कर रहे गुहार

दस्तक 7 मिडिया, दरभंगा।

अशोक पेपर मिल थाना क्षेत्र के सिरनिया गांव में विवाहिता काजल देवी की मौत के मामले में उसके पिता अनिल कुमार राम ने पति समेत ससुराल पक्ष के आठ लोगों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि प्राथमिकी दर्ज हुए 26 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, अनिल कुमार राम की पुत्री काजल देवी की शादी 17 जून 2022 को सिरनिया निवासी पंकज राम के साथ हुई थी। शादी में तीन लाख रुपए नकद, कपड़े और करीब दो लाख रुपए के जेवर दिए गए थे। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष के लोग दो लाख रुपए अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। राशि नहीं देने पर काजल को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने तथा खाना-पीना बंद करने का आरोप लगाया गया है।
आवेदन में बताया गया है कि 30 अगस्त की रात पंकज राम ने फोन कर दो लाख रुपए नहीं देने पर बेटी की लाश ले जाने की बात कही। अगले दिन सुबह करीब छह बजे दोबारा फोन कर काजल की मौत की सूचना दी गई। पिता के अनुसार, ससुराल पहुंचने पर काजल का शव पंखे से लटका मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि बेटी की हत्या करने के बाद शव को पंखे से लटकाया गया।


थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से पुलिस लगातार अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर रही है। आरोपी पंकज राम घर छोड़कर फरार हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी है और जल्द उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।थानाध्यक्ष ने पूछने पर कहा कि आरोपी फरार हें ,गिरफ्तारी के लिये प्रयास जारी हें ,बहुत जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।