अपराधियों पर शिकंजा कसने की तैयारी, एसएसपी ने दिए सख्त निर्देश,

लक्षित कांडों के शीघ्र निष्पादन, शराब विनष्टीकरण और नशे के खिलाफ लगातार छापेमारी पर जोर

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी  की अध्यक्षता में सोमवार को एसएसपी कार्यालय में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल पुलिस निरीक्षक, पर्यवेक्षक पदाधिकारी एवं थानाध्यक्षों की बैठक हुई। बैठक में जिले में अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

एसएसपी ने लक्षित कांडों के निष्पादन में तेजी लाने तथा अनुसंधान की गुणवत्ता बनाए रखते हुए मामलों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने थाना स्तर पर लंबित मामलों की लगातार समीक्षा करने और आवश्यक कार्रवाई में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने को कहा।

बैठक में थानों में जब्त शराब के अविलंब विनष्टीकरण की प्रक्रिया पूरी करने पर भी विशेष जोर दिया गया। एसएसपी ने कहा कि जब्त शराब के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए विनष्टीकरण की प्रक्रिया को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए।

इसके अलावा थाना क्षेत्रों में सक्रिय अपराधियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। पुलिस अधिकारियों को ऐसे अपराधियों की गतिविधियों की जानकारी जुटाने और आवश्यकता के अनुसार उनके विरुद्ध निरोधात्मक एवं कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

एसएसपी ने अवैध शराब और सूखा नशा के कारोबार के खिलाफ लगातार छापेमारी करने तथा इसमें संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी थानाध्यक्षों और पर्यवेक्षक पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में प्रभावी पुलिसिंग के साथ नियमित निगरानी बनाए रखने को कहा। बैठक में अपराध नियंत्रण और नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए थाना स्तर पर समन्वय के साथ कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया।