टेंपो की ठोकर से हार्डवेयर व्यवसायी की मौत,

कल्याणपुर चौक पर हादसा, इलाज के लिए डीएमसीएच लाने के दौरान रास्ते में तोड़ा दम

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर चौक पर सोमवार दोपहर तेज रफ्तार टेंपो की ठोकर से जख्मी हार्डवेयर व्यवसायी की मौत हो गई। मृतक की पहचान कल्याणपुर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर पांच निवासी स्वर्गीय फेंकू साह के पुत्र मदन साह (65) के रूप में हुई है। वह हार्डवेयर की दुकान चलाते थे।

स्वजन के अनुसार, मदन साह रोज की तरह सोमवार को पैदल अपनी दुकान जा रहे थे। इसी दौरान कल्याणपुर चौक के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार टेंपो ने उन्हें ठोकर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें कल्याणपुर पीएचसी ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने डीएमसीएच रेफर कर दिया।

स्वजन उन्हें इलाज के लिए डीएमसीएच लेकर आ रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। डीएमसीएच पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर बेंता थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया।

मृतक के पोता राहुल कुमार ने बताया कि हादसे के बाद परिवार में मातम पसर गया है। मदन साह के तीन पुत्र और एक पुत्री हैं।