सदर अस्पताल में अगले सप्ताह से बढ़ेंगी स्वास्थ्य सुविधाएं, डीएम ने तैयारियों का लिया जायजा,

संस्थागत व सिजेरियन प्रसव के साथ शिशु, हड्डी, दंत एवं सामान्य सर्जरी की सेवाएं शुरू करने की तैयारी तेज

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

सदर अस्पताल, गंगवाड़ा में मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। रविवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार ने अस्पताल का निरीक्षण कर चिकित्सा सेवाओं के विस्तार को लेकर चल रहे कार्यों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को अगले सप्ताह तक सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।

अस्पताल में जल्द ही संस्थागत प्रसव, सिजेरियन प्रसव, शिशु चिकित्सा, हड्डी रोग, दंत चिकित्सा और सामान्य सर्जरी जैसी सेवाओं के सुचारू संचालन की तैयारी की जा रही है। इन सेवाओं के शुरू होने से गंगवाड़ा और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को उपचार के लिए अन्य अस्पतालों का रुख करने की आवश्यकता कम होगी।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने अस्पताल की आधारभूत संरचना, चिकित्सा सेवाओं के लिए तैयार किए जा रहे स्थानों, मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अस्पताल में सामान्य उपचार के साथ आवश्यक विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है, ताकि मरीजों को इलाज के लिए अनावश्यक रूप से दूर नहीं जाना पड़े।

डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि चिकित्सा उपकरण, आवश्यक संसाधन, मानव संसाधन और अन्य आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता समय सीमा के भीतर सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए अगले सप्ताह तक सभी तैयारियां पूर्ण करने को कहा, ताकि निर्धारित चिकित्सा सेवाओं का संचालन प्रभावी ढंग से शुरू किया जा सके।

अस्पताल परिसर की साफ-सफाई और स्वच्छता पर भी डीएम ने विशेष जोर दिया। मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए साइनेज, बैठने की व्यवस्था, आवागमन तथा अन्य जरूरी सुविधाओं को बेहतर बनाने का निर्देश दिया गया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने अस्पताल के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण कर चिकित्सा सेवाओं के लिए तैयार किए जा रहे स्थानों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार का उद्देश्य आमजन को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।

इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार, प्रभारी उपाधीक्षक सदर अस्पताल गंगवाड़ा सह स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुप्रिया नारायण, डीपीएम स्वास्थ्य प्रभात कुमार राजू, डीसीएम रवि कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।