पांच महीने पहले दी थी चेतावनी, अब तोखा सिंह बांध पर मंडरा रहा खतरा,बांध के ऊपर से बह रहा पानी, आसपास के गांवों में भी बढ़ी चिंता;वीडियो बनाकर प्रशासन को किया था आगाह

दीपक कुमार( संवाददाता)

कटरा। प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत तेहवारा पंचायत के बुधकारा स्थित तोखा सिंह बांध पर अब खतरा मंडराने लगा है। जलस्तर बढ़ने के बाद बांध के ऊपर से पानी बहने की सूचना है, जिससे आसपास के गांवों में भी चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों को संभावित बाढ़ एवं बांध टूटने की आशंका सताने लगी है।
स्थानीय निवासी रूपेश कुंवर का कहना है कि बांध की स्थिति को लेकर करीब पांच महीने पहले ही वीडियो बनाकर सोशल मीडिया के माध्यम से प्रशासन को आगाह किया गया था। उस समय पानी का स्तर कम था और बांध की स्थिति को दुरुस्त करने के लिए पर्याप्त समय उपलब्ध था। इसके बावजूद समय रहते बांध की मरम्मत या सुरक्षा के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जाने की बात सामने आ रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कटरा प्रखंड की तत्कालीन अंचलाधिकारी को भी फोन के माध्यम से लगातार बांध की स्थिति की जानकारी दी गई थी। ग्रामीणों का दावा है कि बांध से जुड़ा वीडियो भी तत्कालीन सीओ को भेजा गया था। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होने को लेकर अब प्रशासनिक स्तर पर सवाल उठ रहे हैं।
इधर, जलस्तर बढ़ने के साथ बांध के ऊपर से पानी बहने लगा है। इससे बांध पर दबाव बढ़ने की आशंका है और आसपास के गांवों के लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते बांध की सुरक्षा नहीं की गई तो स्थिति गंभीर हो सकती है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल मौके पर पहुंचकर बांध का निरीक्षण कराने, पानी के बहाव को नियंत्रित करने तथा आवश्यकतानुसार बांध को मजबूत करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि पांच महीने पहले दी गई चेतावनी पर यदि समय रहते कार्रवाई हुई होती तो आज ऐसी स्थिति नहीं बनती।