तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से चार वर्षीय मासूम की मौत,

ननिहाल के दरवाजे पर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था आर्यन, हादसे के बाद बाइक छोड़कर चालक फरार

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

एपीएम थाना क्षेत्र के मनतोरा खैर गांव में रविवार सुबह तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से चार वर्षीय मासूम की मौत हो गई। मृतक की पहचान बहेड़ी थाना क्षेत्र के मानताराही गांव के वार्ड नंबर-12 निवासी मिंटू मुखिया के पुत्र आर्यन कुमार (4) के रूप में हुई है। आर्यन अपनी मां के साथ ननिहाल आया हुआ था।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह आर्यन ननिहाल स्थित घर के दरवाजे के सामने अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान सड़क से गुजर रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने बच्चे को जोरदार ठोकर मार दी। हादसे में आर्यन गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए डीएमसीएच लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

इधर, हादसे के बाद बाइक सवार मौके से भागने लगा। ग्रामीणों ने उसे पकड़ने के लिए पीछा भी किया, लेकिन वह फरार होने में सफल रहा। हालांकि, घटनास्थल पर बाइक छूट गई। सूचना मिलने पर एपीएम थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक को जब्त कर लिया।

मृतक के चाचा अशोक साहनी ने बताया कि हादसे के बाद से परिवार में मातम पसरा है। पुलिस जब्त बाइक के आधार पर उसके मालिक और फरार चालक की पहचान करने में जुटी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।