विद्यालय खेल प्रतियोगिताओं को लेकर डीएम की बैठक, 29 सितंबर से शुरू होगा आयोजन

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिला, प्रमंडल एवं राज्य स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 के सफल आयोजन को लेकर जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय में बैठक हुई। बैठक में प्रतियोगिता के आयोजन, खेल स्थलों, खिलाड़ियों की सहभागिता, चयन प्रक्रिया और सुरक्षा समेत अन्य तैयारियों की समीक्षा की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 29 सितंबर से 2 अक्टूबर तक विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके लिए नेहरू स्टेडियम लहेरियासराय, खेल भवन-सह-व्यायामशाला, इंडोर स्टेडियम, किलकारी बाल भवन और होली मैरी इंटरनेशनल स्कूल के बास्केटबॉल कोर्ट को आयोजन स्थल बनाया गया है।

विभिन्न खेल विधाओं का विस्तृत कार्यक्रम जिला खेल पदाधिकारी द्वारा तैयार किया जाएगा। इसमें खेल के अनुसार आयोजन स्थल, तिथि और समय निर्धारित किया जाएगा। डीएम ने खिलाड़ियों की सुविधा, खेल मैदान, आवश्यक संसाधन, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

ट्रायल से बनेगी जिला क्रिकेट टीम

जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता के तहत बालक क्रिकेट के अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग के खिलाड़ियों का चयन ट्रायल के माध्यम से किया जाएगा। ट्रायल के बाद बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को शामिल कर दरभंगा जिला क्रिकेट टीम का गठन किया जाएगा।

डीएम ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को जिले के सभी प्रधानाध्यापकों, शारीरिक शिक्षा शिक्षकों और स्वास्थ्य अनुदेशकों के साथ बैठक कर अधिक से अधिक विद्यालयों एवं विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। प्रतियोगिता के प्रचार-प्रसार के लिए विद्यालयों में पोस्टर और बैनर लगाने को भी कहा गया है।

डीएम ने कहा कि विद्यालय स्तर से ही खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना जरूरी है। ऐसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ जिला, प्रमंडल और राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन का अवसर मिलता है।

बैठक में अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन सलीम अख्तर, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी चंदन कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।