विधान परिषद चुनाव की तैयारियों की आयुक्त ने की समीक्षा, 29 सितंबर को जारी होगी अधिसूचना, नामांकन 29 सितंबर से शुरू, 6 अक्टूबर तक दाखिल होंगे पर्चे; 23 अक्टूबर को मतदान और 27 अक्टूबर को मतगणना
विधान परिषद चुनाव की तैयारियों की आयुक्त ने की समीक्षा, 29 सितंबर को जारी होगी अधिसूचना, नामांकन 29 सितंबर से शुरू, 6 अक्टूबर तक दाखिल होंगे पर्चे; 23 अक्टूबर को मतदान और 27 अक्टूबर को मतगणना
विधान परिषद चुनाव की तैयारियों की आयुक्त ने की समीक्षा, 29 सितंबर को जारी होगी अधिसूचना,
नामांकन 29 सितंबर से शुरू, 6 अक्टूबर तक दाखिल होंगे पर्चे; 23 अक्टूबर को मतदान और 27 अक्टूबर को मतगणना
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
बिहार विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र-2026 को लेकर दरभंगा प्रमंडलीय सभागार में शुक्रवार को तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। निर्वाची पदाधिकारी सह दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न निर्वाचन कोषांगों के वरीय पदाधिकारियों, नोडल अधिकारियों एवं कर्मियों से अब तक की तैयारियों की जानकारी ली गई।
बैठक में आयुक्त ने कार्मिक सह प्रशिक्षण कोषांग की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्वाचन कार्य में प्रतिनियुक्त सभी कर्मियों को समय पर और समुचित प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया से जुड़े कर्मियों को उनके दायित्व, नियम और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की स्पष्ट जानकारी होनी चाहिए, ताकि चुनाव के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
इसके बाद सामग्री एवं मतपेटिका, वाहन, विधि-व्यवस्था एवं आदर्श आचार संहिता, मीडिया/सोशल मीडिया, मतदाता सूची, मतपत्र एवं पेपर सील विखंडन, बज्रगृह एवं मतगणना, आईटी एप्लीकेशन एवं वेबकास्टिंग, प्रेक्षक सह अंतर जिला समन्वय तथा निर्वाचन कोषांग की तैयारियों की क्रमवार समीक्षा की गई।
आयुक्त ने सभी कोषांगों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी कर ली जाएं। उन्होंने आपसी समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि सभी कोषांग लगातार एक-दूसरे के संपर्क में रहकर अपने दायित्वों का निष्पादन करें।
29 सितंबर को अधिसूचना, उसी दिन से नामांकन
बैठक में बताया गया कि बिहार विधान परिषद स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन 2026 के लिए 29 सितंबर 2026 को अधिसूचना जारी होगी। अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर निर्धारित है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 7 अक्टूबर को होगी, जबकि अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा और 27 अक्टूबर को मतगणना होगी।
सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक होगा नामांकन
आयुक्त ने बताया कि नामांकन पत्र पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक दाखिल किए जाएंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नामांकन प्रक्रिया के दौरान निर्वाचन आयोग के सभी नियमों और निर्धारित प्रक्रियाओं का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में आयुक्त के सचिव सुशील कुमार मिश्रा, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अविनाश चंद्र, क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी आकाश ऐश्वर्य, सहायक योजना पदाधिकारी प्रीति कुमारी समेत विभिन्न कोषांगों के वरीय पदाधिकारी, नोडल पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।