नेपाल में भारी बारिश के पूर्वानुमान से बिहार अलर्ट, 17 जिलों में बढ़ाई गई निगरानी ,गंडक, बागमती और कोसी से जुड़े इलाकों पर विशेष नजर, NDRF- SDRF को तैयार रहने का निर्देश
नेपाल में भारी बारिश के पूर्वानुमान से बिहार अलर्ट, 17 जिलों में बढ़ाई गई निगरानी ,गंडक, बागमती और कोसी से जुड़े इलाकों पर विशेष नजर, NDRF- SDRF को तैयार रहने का निर्देश
नेपाल में भारी बारिश के पूर्वानुमान से बिहार अलर्ट, 17 जिलों में बढ़ाई गई निगरानी ,गंडक, बागमती और कोसी से जुड़े इलाकों पर विशेष नजर, NDRF- SDRF को तैयार रहने का निर्देश
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
नेपाल के तराई क्षेत्र और गंडक नदी के जलग्रहण क्षेत्र में भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए बिहार में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। संभावित बाढ़ और जलजमाव की स्थिति से निपटने के लिए सीमावर्ती समेत गंडक, बागमती और कोसी नदी से जुड़े 17 जिलों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया है।
शनिवार को आपदा प्रबंधन विभाग में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। इसमें आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल, जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह समेत वरीय अधिकारी मौजूद रहे। 17 जिलों के जिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
बैठक में सीतामढ़ी, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज, सारण, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, कटिहार, खगड़िया और बेगूसराय की स्थिति की समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों को नदियों के जलस्तर और प्रवाह की लगातार निगरानी करने के साथ निचले इलाकों, तटबंधों, नदी किनारे बसे गांवों, पुल-पुलियों और संपर्क मार्गों पर विशेष नजर रखने को कहा। समीक्षा में बताया गया कि कोसी नदी के जलस्तर में गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन संबंधित जिलों में सतर्कता बनाए रखने का निर्देश दिया गया है।
संभावित बाढ़ की स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू करने के लिए NDRF और SDRF को अलर्ट रहने को कहा गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में नाव, लाइफ जैकेट, रेस्क्यू उपकरण और अन्य जरूरी संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
प्रभावित होने वाले संभावित इलाकों में माइकिंग के जरिए लोगों को समय रहते सचेत करने और जरूरत पड़ने पर आबादी को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी रखने को कहा गया है। जिला प्रशासन, पुलिस, जल संसाधन और आपदा प्रबंधन विभाग के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
मुख्य सचिव ने नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आम लोगों और जनप्रतिनिधियों को स्थिति की अद्यतन जानकारी देने का निर्देश दिया। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और घबराने से बचने की अपील की है।
आपात स्थिति में आपदा प्रबंधन विभाग के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1070 पर संपर्क किया जा सकता है।
दरभंगा से बैठक में जिलाधिकारी कौशल कुमार, अपर समाहर्त्ता (आपदा प्रबंधन) सलीम अख्तर, सहायक जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी प्रणव राज समेत अन्य पदाधिकारी और अभियंता शामिल हुए।