डीएमसीएच के एमसीएच में आधी रात लगी आग, नवजात को गोद में लेकर भागी प्रसूता, विद्युत पैनल में धमाके के बाद उठीं लपटें, धुएं से मची अफरा-तफरी; मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल न्यू सर्जरी ब्लॉक में किया गया शिफ्ट
डीएमसीएच के एमसीएच में आधी रात लगी आग, नवजात को गोद में लेकर भागी प्रसूता, विद्युत पैनल में धमाके के बाद उठीं लपटें, धुएं से मची अफरा-तफरी; मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल न्यू सर्जरी ब्लॉक में किया गया शिफ्ट
डीएमसीएच के एमसीएच में आधी रात लगी आग, नवजात को गोद में लेकर भागी प्रसूता,
विद्युत पैनल में धमाके के बाद उठीं लपटें, धुएं से मची अफरा-तफरी; मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल न्यू सर्जरी ब्लॉक में किया गया शिफ्ट
दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /अफजल खान
डीएमसीएच के मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल (एमसीएच) में शुक्रवार की देर रात अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। ग्राउंड फ्लोर स्थित विद्युत पैनल में शॉर्ट सर्किट के बाद तेज धमाके की आवाज हुई और देखते ही देखते पैनल से चिंगारियां निकलने लगीं। कुछ ही क्षणों में आग की लपटें उठने लगीं और वार्ड में धुआं भर गया। दमघोंटू धुएं के बीच मरीजों, नवजातों के स्वजन और स्वास्थ्यकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई।
आग की खबर फैलते ही एक प्रसूता अपने नवजात बच्चे को गोद में लेकर वार्ड से बाहर निकलने के लिए भागती नजर आई। अचानक आई इस आपदा से अन्य महिला मरीज और उनके स्वजन भी घबरा गए। वार्ड में धुआं तेजी से फैलने के कारण मरीजों को तत्काल बाहर निकालने की कवायद शुरू की गई।
सूचना मिलते ही अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. अमित कुमार झा और सुरक्षा सुपरवाइजर महेश सिंह मौके पर पहुंचे। गार्ड, नर्सिंग स्टाफ और स्थानीय लोगों की मदद से वार्ड में भर्ती मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद महिला मरीजों को आनन-फानन में न्यू सर्जरी ब्लॉक के ग्राउंड फ्लोर पर शिफ्ट किया गया। ऑपरेशन के बाद भर्ती मरीजों को ट्रायज एरिया और सीसीडब्ल्यू में स्थानांतरित किया गया।
बताया जाता है कि रात करीब 12 बजे एमसीएच के ग्राउंड फ्लोर स्थित विद्युत पैनल में अचानक जोरदार आवाज हुई। इसके बाद पैनल से चिंगारियां निकलने लगीं और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। आग के साथ उठे धुएं ने स्थिति को और गंभीर बना दिया। अस्पताल कर्मियों ने तत्काल मरीजों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का काम शुरू किया।
घटना की सूचना अग्निशमन विभाग को दी गई। दमकल की टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात रही कि घटना में किसी मरीज, नवजात या स्वास्थ्यकर्मी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
आग से विद्युत पैनल समेत आसपास के उपकरण और अन्य सामान के क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई है। अस्पताल प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। प्राथमिक तौर पर घटना का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
सरकारी स्कूलों में अब रोबोट बनाएंगे बच्चे, AI सिखाएगी नई उड़ान, बिहार के 38 जिलों में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, यूपी में 72 स्कूलों में ड्रीम लैब; कक्षा 6 से 12 तक छात्रों को मिलेगा भविष्य की तकनीक का प्रशिक्षण
बागमती का बढ़ता जलस्तर बढ़ा रहा खतरा, जमालपुर कोदई में सड़क पर कटाव का संकट