बागमती का बढ़ता जलस्तर बढ़ा रहा खतरा, जमालपुर कोदई में सड़क पर कटाव का संकट

दीपक कुमार/ गायघाट

गायघाट प्रखंड के बेनीबाद क्षेत्र में बागमती नदी के जलस्तर में तेजी से वृद्धि होने से नदी किनारे बसे इलाकों में खतरा बढ़ गया है। जलस्तर बढ़ने के साथ ही जमालपुर कोदई में सड़क पर पानी के दबाव और कटाव का खतरा मंडराने लगा है। इससे स्थानीय लोगों और राहगीरों की चिंता बढ़ गई है।

नदी के बढ़ते पानी का दबाव सड़क के किनारे लगातार बढ़ रहा है। स्थिति पर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो सड़क का हिस्सा कटाव की चपेट में आ सकता है, जिससे आवागमन प्रभावित होने की आशंका है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क एवं नदी किनारे की स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए प्रशासन को संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने के साथ ही संभावित कटाव को रोकने के लिए तत्काल कदम उठाना चाहिए।