सहरसा डॉक्टर विवाद के विरोध में किरतपुर CHC की OPD सेवा ठप, अस्पताल के बाहर परेशान रहे मरीज

दस्तक 7 मिडिया, घनश्यामपुर।

सहरसा में डॉक्टर और पत्रकार के बीच हुए विवाद के बाद डॉक्टर एस के आजाद को मुख्यालय बुलाए जाने के विरोध में शुक्रवार को बिहार के सरकारी अस्पतालों में ओपीडी सेवा बंद रही। इसी क्रम में किरतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी ओपीडी सेवा ठप रही। इलाज के लिए पहुंचे मरीज अस्पताल के बाहर परेशान नजर आए। किरतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर सह बिहार स्वास्थ्य सेवा संघ के अपर महासचिव डॉ रौशन भारती ने बताया कि सहरसा में डॉक्टर और पत्रकार के बीच हुए विवाद के बाद डॉक्टर एस के आजाद को मुख्यालय बुलाया गया था। डॉक्टरों का आरोप है कि मामले में एकपक्षीय कार्रवाई की गई। इसी के विरोध में राज्यभर के डॉक्टरों ने ओपीडी सेवा बंद रखने का निर्णय लिया।
डॉ. रौशन भारती ने बताया कि डॉक्टरों की मांग है कि एस के आजाद को मुख्यालय से हटाकर सहरसा में ही पदस्थापित किया जाए। इसके अलावा अस्पतालों में डॉक्टरों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की जा रही है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को अस्पताल आने से पहले अस्पताल के वरीय पदाधिकारी से संपर्क करना चाहिए।
डॉक्टरों के अनुसार, सुरक्षा समेत अन्य मांगों को लेकर ओपीडी सेवा बंद रखने का निर्णय लिया गया है। उनका कहना है कि जब तक मांगें पूरी नहीं होती हैं, तब तक ओपीडी सेवा बंद रखने का आंदोलन जारी रहेगा।