28 हजार रिश्वत लेते प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी गिरफ्तार, जांच रिपोर्ट और प्रभार प्रतिवेदन भेजने के एवज में मांगी थी रकम, निगरानी टीम ने कार्यालय परिसर में दबोचा
28 हजार रिश्वत लेते प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी गिरफ्तार, जांच रिपोर्ट और प्रभार प्रतिवेदन भेजने के एवज में मांगी थी रकम, निगरानी टीम ने कार्यालय परिसर में दबोचा
28 हजार रिश्वत लेते प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी गिरफ्तार,
जांच रिपोर्ट और प्रभार प्रतिवेदन भेजने के एवज में मांगी थी रकम, निगरानी टीम ने कार्यालय परिसर में दबोचा
दस्तक 7मीडिया /पटना
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने कराय परसुराय प्रखंड कार्यालय परिसर में कार्रवाई करते हुए प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी संतोष कुमार को 28 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई निगरानी थाना कांड संख्या 110/26 के तहत की गई।
जानकारी के अनुसार, कराय परसुराय के सांध निवासी अभिषेक कुमार ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में शिकायत की थी कि पैक्स प्रबंधक के रूप में नियुक्ति के बाद पूर्व पैक्स प्रबंधक द्वारा उन्हें कोई अभिलेख उपलब्ध नहीं कराया गया। इस संबंध में उन्होंने हिलसा के अनुमंडल पदाधिकारी को आवेदन दिया था। एसडीओ ने मामले में जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी संतोष कुमार को दी थी।
आरोप है कि जांच रिपोर्ट और प्रभार प्रतिवेदन भेजने के एवज में संतोष कुमार द्वारा परिवादी से रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने आरोप का सत्यापन कराया। सत्यापन में रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने के बाद 22 सितंबर को निगरानी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।
इसके बाद पुलिस निरीक्षक मो. नजीम उद्दीन के अनुरोध पर डीएसपी रीता सिन्हा के नेतृत्व में धावादल गठित किया गया। बुधवार को टीम ने जाल बिछाकर कराय परसुराय प्रखंड कार्यालय परिसर में संतोष कुमार को 28 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद उसे विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।
2026 में 101 ट्रैप कार्रवाई
निगरानी ब्यूरो के अनुसार, वर्ष 2026 में भ्रष्टाचार के खिलाफ यह 110वीं प्राथमिकी है। इनमें 101 ट्रैप कांड हैं और अब तक कुल 102 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है। इन मामलों में कुल 37.22 लाख रिश्वत बरामद की गई है। इसके अलावा एक वाशिंग मशीन भी बरामद हुई है, जिसकी कीमत 37 हजार बताई गई है।