जमुई में छात्रा से छेड़छाड़ के विरोध में कांग्रेस का धरना,

डॉ. जमाल हसन के नेतृत्व में पोलो मैदान में प्रदर्शन, महिला सुरक्षा को लेकर सरकार पर उठाए सवाल

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जमुई में नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ की घटना के विरोध में बुधवार को दरभंगा जिला कांग्रेस कमेटी (अर्बन) की ओर से पोलो मैदान स्थित जिला धरना स्थल पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। जिलाध्यक्ष डॉ. जमाल हसन के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने महिला एवं बच्चियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “सम्राट चौधरी मुर्दाबाद”, “सम्राट चौधरी इस्तीफा दो”, “बहू-बेटियों को सम्मान हर हाल में देना होगा”, “बहू-बेटियों के सम्मान में कांग्रेस मैदान में” और “कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद” जैसे नारे लगाए।

मीडिया से बातचीत में डॉ. जमाल हसन ने कहा कि बिहार में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने दरभंगा के जमालपुर में नाबालिग लड़की के अपहरण के प्रयास, जमुई में नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ और मुजफ्फरपुर में छात्राओं द्वारा छेड़खानी का विरोध करने के बाद हुई चाकूबाजी की घटना का उल्लेख करते हुए सरकार से महिला सुरक्षा के मामले में प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने कहा कि सरकार महिला सुरक्षा को लेकर केवल दावे करने के बजाय जमीन पर प्रभावी कदम उठाए, ताकि अपराधियों में कानून का भय पैदा हो। डॉ. हसन ने भाजपा के ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान का उल्लेख करते हुए सवाल उठाया कि यदि बेटियां सुरक्षित नहीं रहेंगी तो वे निर्भय होकर पढ़ाई कैसे कर पाएंगी।

डॉ. हसन ने बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पूर्व में दिए गए एक कथित बयान का हवाला देते हुए उनसे उस बयान के संदर्भ में स्पष्टीकरण देने की मांग की। उन्होंने जमुई मामले की त्वरित जांच और दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि दोष सिद्ध होने पर ऐसी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ अपराध करने वालों में कानून का भय पैदा हो।

महिला कांग्रेस नेत्री डॉ. अपर्णा पाठक ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार के दावों और जमीनी स्थिति के बीच अंतर दिखाई देता है। उन्होंने महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में सरकार और प्रशासन से गंभीरता के साथ कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि ऐसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और तेज करेगी।

धरना-प्रदर्शन में जिला महासचिव प्रिंस परवेज, बसंत झा, हसमत अंसारी, राघवेंद्र कुंवर, शादाब अतिकी, नसीम हैदर, अरशद खान, शिबली नोमानी, शाहीन परवेज, जाहिद अंसारी, भागीरथी देवी, खालिद अंसारी, एजाज खान, योगेश्वर मंडल सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।