विधान परिषद चुनाव का बिगुल: 29 सितंबर से नामांकन, 23 अक्टूबर को मतदान

दस्तक 7मीडिया /गुड्डू राज 

बिहार विधान परिषद स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को लेकर चुनावी प्रक्रिया शुरू हो गई है। 05-दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 29 सितंबर को अधिसूचना जारी होगी और उसी दिन से नामांकन शुरू हो जाएगा। नामांकन की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर, संवीक्षा 7 अक्टूबर और नाम वापसी की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर निर्धारित की गई है। 23 अक्टूबर को मतदान और 27 अक्टूबर को मतगणना होगी।

बुधवार को प्रमंडलीय सभागार में निर्वाची पदाधिकारी-सह-आयुक्त की अध्यक्षता में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई। वहीं, जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी कौशल कुमार ने मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर नामांकन, आदर्श आचार संहिता और चुनाव प्रचार से जुड़े नियमों की जानकारी दी।

30 वर्ष न्यूनतम उम्र, 10 हजार नामांकन शुल्क

जिलाधिकारी ने बताया कि अभ्यर्थी का भारत का नागरिक होना और बिहार के किसी विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में मतदाता होना आवश्यक है। अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 30 वर्ष होनी चाहिए। सामान्य वर्ग के लिए नामांकन शुल्क 10 हजार रुपये, जबकि एससी-एसटी अभ्यर्थियों के लिए 5 हजार रुपये निर्धारित है। नामांकन पत्र प्रत्येक कार्य दिवस में सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक दाखिल किए जा सकेंगे।

स्नातक क्षेत्र में 43, शिक्षक क्षेत्र में 32 मतदान केंद्र

दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 43 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 34 मूल और नौ सहायक मतदान केंद्र शामिल हैं। वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 32 मूल मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

48 घंटे पहले थम जाएगा चुनाव प्रचार

निर्वाचन कार्यक्रम जारी होते ही आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। सभा, रैली, वाहन, अस्थायी चुनाव कार्यालय, लाउडस्पीकर, हेलीकॉप्टर और हेलीपैड के इस्तेमाल के लिए पूर्व अनुमति जरूरी होगी। मतदान समाप्ति के निर्धारित समय से 48 घंटे पहले चुनाव प्रचार बंद हो जाएगा।

नामांकन स्थल के 100 मीटर के दायरे में अधिकतम तीन वाहन की अनुमति होगी। मतदान के दिन एक वाहन में चालक समेत अधिकतम पांच लोग (4+1) ही यात्रा कर सकेंगे। पोस्टर-पंपलेट पर मुद्रक व प्रकाशक का नाम और मुद्रित प्रतियों की संख्या अंकित करना भी अनिवार्य होगा।

आयुक्त ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक तैयारियां की जा रही हैं। अधिकारियों ने राजनीतिक दलों और अभ्यर्थियों से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।