जमीन विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग, युवक को लगी गोली,

दरभंगा एम्स के पास इंद्रपुरी कॉलोनी में वारदात से मचा हड़कंप, घायल की हालत गंभीर

दस्तक 7मीडिया,दरभंगा /अफजल खान 

विशनपुर थाना क्षेत्र के एकमी-शोभन बाइपास किनारे दरभंगा एम्स के समीप भरौल गांव स्थित इंद्रपुरी कॉलोनी में बुधवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर फायरिंग हुई। ताबड़तोड़ चली गोलियों के बीच एक युवक के बाएं कंधे और गर्दन के बीच गोली लग गई। गंभीर रूप से घायल युवक को उसके साथी बाइक से डीएमसीएच इमरजेंसी लेकर पहुंचे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया।

घायल की पहचान लहेरियासराय थाना क्षेत्र के इमामबाड़ी मोहल्ला निवासी रामविलास भगत के पुत्र विजय कुमार भगत (40) के रूप में हुई है। बताया गया है कि गोली कंधे और गर्दन के बीच फंसी हुई है।

डीएमसीएच इमरजेंसी में जुटी भीड़, मची अफरातफरी

घायल विजय को बाइक से डीएमसीएच इमरजेंसी लाए जाने के बाद उसके परिजन और परिचित बड़ी संख्या में वहां पहुंच गए। परीक्षण कक्ष के बाहर भीड़ जमा हो गई। परिजन चिकित्सकों पर तत्काल उपचार शुरू करने का दबाव बनाने लगे, जिससे कुछ देर के लिए इमरजेंसी में अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि, वहां तैनात सुरक्षा गार्डों ने स्थिति को नियंत्रित किया।

सूचना पर बेंता थानाध्यक्ष विनय कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ डीएमसीएच पहुंचे और परिजनों को शांत कराया। चिकित्सकों ने घायल का सीटी स्कैन कराने की सलाह दी। इसके बाद परिजन बेहतर इलाज के लिए विजय को अललपट्टी स्थित निजी अस्पताल ले गए।

बातचीत के दौरान अचानक शुरू कर दी फायरिंग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इंद्रपुरी कॉलोनी में जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच बातचीत चल रही थी। इसी दौरान एक पक्ष के कुछ युवकों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। लगातार गोली चलने से वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इसी दौरान विजय को गोली लग गई और वह मौके पर ही गिर पड़ा।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर जुटने लगे। लोगों की भीड़ बढ़ती देख फायरिंग करने वाले युवक मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

तीन थानों की पुलिस ने शुरू की छानबीन

घटना की सूचना मिलते ही विशनपुर, मब्बी और सिमरी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। फायरिंग के वास्तविक कारण, गोली चलाने वालों की पहचान और घटना में इस्तेमाल हथियार के संबंध में पुलिस जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।