दरभंगा एम्स के पास ताबड़तोड़ फायरिंग से मचा हड़कंप,  एक  युवक घायल ?

अज्ञात अपराधियों ने कई राउंड चलाईं गोलियां, बिशनपुर, मब्बी-सिमरी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर ?

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा एम्स के आसपास बुधवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब अज्ञात अपराधियों ने एक व्यक्ति पर कई राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद घायल को आनन-फानन में इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।

फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। बिशनपुर, मब्बी और सिमरी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास छानबीन शुरू कर दी है। फायरिंग किस वजह से हुई और वारदात को अंजाम देने वाले अपराधी कौन थे, इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक कई राउंड गोलियों की आवाज सुनाई देने के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घटना के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। पुलिस आसपास के इलाकों में अपराधियों की तलाश के साथ-साथ घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है।

पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घायल व्यक्ति को किस परिस्थिति में गोली मारी गई और उसका किसी से पूर्व विवाद था या नहीं। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को भी खंगालने की तैयारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही फायरिंग की पूरी वजह और घटना में शामिल अपराधियों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।