राजमिस्त्री की संदिग्ध मौत से शंकरपुर में हड़कंप, कब्रिस्तान के पीछे मिला शव

दस्तक 7 मीडिया /संवाददाता सिंहवाड़ा

सिंहवाड़ा / स्थानीय थाना क्षेत्र के शंकरपुर पंचायत में मंगलवार को एक वार्ड एक स्थित बड़ी कब्रिस्तान के पीछे झाड़ियों में एक राजमिस्त्री का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शंकरपुर वार्ड नंबर चार निवासी मोहम्मद मुस्तफा उर्फ तेतर (उम्र लगभग 50 वर्ष के रूप में हुई है। मृतक के पुत्र सलाउद्दीन ने बताया कि उसके पिता पेशे से राजमिस्त्री थे। रोज की तरह मंगलवार सुबह करीब दस बजे वह अपना औजार लेकर काम करने के लिए घर से निकले थे। दोपहर में जब वह खाना खाने के लिए घर नहीं लौटे तो पत्नी और बच्चों को चिंता हुई। परिजनों ने आसपास में खोजबीन शुरू की। इसी दौरान गांव में खबर फैली कि वार्ड नंबर एक में खेत की मापी हो रही है और उससे थोड़ी ही दूरी पर कब्रिस्तान के पीछे एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। परिजन दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे तो देखा कि वह उन्हीं के पिता मुस्तफा हैं। तब तक उनकी मौत हो चुकी थी शव मिलने की खबर जंगल में आग की तरह पूरे गांव में फैल गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही सिंहवाड़ा थाना पुलिस दल बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। आसपास के लोगों से पूछताछ भी की गई।

इस बीच परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे गरीब परिवार से हैं। और किसी विवाद में नहीं पड़ना चाहते। परिजनों के इनकार के बाद पुलिस ने पंचनामा तैयार किया। इस संबंध में सिंहवाड़ा थानाध्यक्ष बसंत कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।