ग्रामीण इलाकों में अग्नि सुरक्षा को लेकर मॉक ड्रिल, बांटे पंपलेट, केवटी के दरिमा पैगंबरपुर, नवटोलिया समेत कई गांवों में अग्निशमन विभाग ने चलाया जागरूकता अभियान

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
ग्रामीण क्षेत्रों में अग्निकांड की घटनाओं पर त्वरित नियंत्रण और जान-माल की सुरक्षा को लेकर अग्निशमन विभाग ने जागरूकता अभियान चलाया। अनुमंडल अग्निशामालय, दरभंगा की टीम ने 21 सितंबर को केवटी थाना क्षेत्र के दरिमा पैगंबरपुर, नवटोलिया समेत विभिन्न ग्रामीण इलाकों में मॉक ड्रिल कर लोगों को आग से बचाव के उपाय बताए। इस दौरान ग्रामीणों के बीच अग्नि सुरक्षा से संबंधित पंपलेट भी वितरित किए गए।
मॉक ड्रिल के दौरान अग्निशमन कर्मियों ने आग लगने की स्थिति में तत्काल उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी दी। ग्रामीणों को आग लगने के संभावित कारणों, शुरुआती स्तर पर आग पर सुरक्षित तरीके से काबू पाने तथा अग्निशमन उपकरणों के प्रभावी इस्तेमाल के बारे में व्यावहारिक जानकारी दी गई।
अग्निशमन कर्मियों ने लोगों से कहा कि आग लगने पर घबराने के बजाय सबसे पहले आसपास के लोगों को इसकी सूचना दें और तत्काल अग्निशमन सेवा को जानकारी दें। विद्युत शॉर्ट सर्किट, गैस सिलेंडर, चूल्हे और ज्वलनशील पदार्थों से आग लगने की आशंका को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई।
अभियान के दौरान वितरित पंपलेट में आग से बचाव के उपाय, अग्निकांड के समय बरती जाने वाली सावधानियों और आपात स्थिति में अग्निशमन सेवा से संपर्क करने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कर्मियों ने बताया कि अग्निकांड की स्थिति में समय पर सूचना देना और शुरुआती स्तर पर सुरक्षित तरीके से आग पर नियंत्रण का प्रयास काफी महत्वपूर्ण होता है।
विभाग के अनुसार, अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाना और संभावित अग्निकांड के दौरान लोगों को त्वरित एवं सुरक्षित प्रतिक्रिया के लिए तैयार करना है। अभियान में अग्निशमन विभाग के कर्मियों के अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।