पारा विधिक स्वयंसेवकों को मिला कानूनी प्रशिक्षण, अंतिम पायदान तक पहुंचाएंगे निःशुल्क न्याय

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /गुड्डू राज 

जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दरभंगा के तत्वावधान में जिले के पारा विधिक स्वयंसेवकों (पीएलवी) के संवेदीकरण एवं कानूनी सशक्तिकरण को लेकर न्यायालय परिसर स्थित एडीआर भवन में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार अजय कुमार शर्मा ने किया।

नवनियुक्त पारा विधिक स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि पीएलवी समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक निःशुल्क विधिक सेवा पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने स्वयंसेवकों से अपने दायित्वों का ईमानदारी, सजगता और तत्परता के साथ निर्वहन करने की अपील की।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने पीएलवी के कार्यों, विधिक सेवा प्राधिकरणों की संरचना, विधिक सेवा प्राधिकार अधिनियम के तहत निःशुल्क विधिक सेवा के हकदार लोगों तथा नालसा की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से पात्र लोगों को जोड़ने में पीएलवी की भूमिका पर भी प्रकाश डाला।

स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष सह सेवानिवृत्त जिला जज सुरेंद्र नाथ त्रिपाठी ने लोक अदालत की कार्यप्रणाली और इसके माध्यम से मामलों के त्वरित एवं सुलहपूर्ण निपटारे की प्रक्रिया से स्वयंसेवकों को अवगत कराया।

बिहार सेवा समिति, मधुबनी के रिसोर्स पर्सन अधिवक्ता संभव गुप्ता एवं तारा कांत ऋषि ने मानव तस्करी की रोकथाम तथा हनीफुर रहमान वाद के निर्णय पर विस्तृत चर्चा की। प्रशिक्षण के दौरान पोक्सो एक्ट, किशोर न्याय अधिनियम और अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम सहित महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।

उद्घाटन सत्र में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जुनैद आलम भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन न्यायिक मजिस्ट्रेट आनंद सौरव ने किया। मौके पर बिहार सेवा समिति के संजीव कुमार, तारानंद ठाकुर, नरेंद्र कुमार कर्ण सहित जिले के सभी पारा विधिक स्वयंसेवक उपस्थित थे।