जेल गेट से भागा बंदी, कुछ ही देर में मंदिर के पास मिला ,सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहें हें सवाल 

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

मंडल कारा दरभंगा के मुख्य गेट के अंदर पहचान व फोटो की प्रक्रिया के दौरान पुलिस अभिरक्षा में लाया गया बंदी अचानक फरार हो गया। दीवार के पास रखी बांस की सीढ़ी के सहारे वह बाहर कूदकर झाड़ियों की आड़ में भाग निकला। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही देर बाद उसे सैदपुर काली मंदिर के पास से पकड़ लिया।

घटना सोमवार शाम करीब छह बजे की है। मामले में लहेरियासराय थाना में पुलिस अवर निरीक्षक रासदेव सिंह के आवेदन पर मो. फरमान साह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। वह मधुबनी जिले के सकरी थाना क्षेत्र के मकसूदा गांव का रहने वाला है। प्राथमिकी में बीएनएस की धारा 262 और 263 के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, मो. फरमान साह को मनीगाछी थाना कांड संख्या 266/24 में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था। न्यायालय से कस्टडी वारंट जारी होने के बाद दो बीएचजी जवान उसे मंडल कारा में जमा कराने पहुंचे थे। जेल गेट के सामने बने कमरे में हथकड़ी खोलकर बंदी की हाइट, पहचान चिह्न, फोटो और दसों उंगलियों के निशान लेने की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान वह अचानक भागने लगा।

दोनों जवानों ने उसका पीछा किया, लेकिन वह जेल गेट के दाहिनी ओर की दीवार के पास रखी बांस की सीढ़ी पर चढ़कर बाहर कूद गया और झाड़ियों की आड़ लेकर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस पदाधिकारी तत्काल मंडल कारा पहुंचे और उसकी तलाश शुरू कर दी। कुछ देर बाद सैदपुर काली मंदिर के पास एक व्यक्ति के सोए होने की सूचना पर पुलिस ने जांच की तो वह फरमान साह निकला।

पकड़े जाने के बाद उसने पुलिस को बताया कि डर के कारण वह दीवार कूदकर भागा था। उसके दोनों पैरों में चोट और कमर में दर्द होने की बात सामने आई। पुलिस ने उसे इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी लहेरियासराय थाना के एसआई रौशन कुमार को दी गई है।