ड्यूटी में लापरवाही पर महिला सिपाही निलंबित,

बिना हथियार रात्रि संतरी ड्यूटी करते मिलीं खुशबू कुमारी, पूछताछ में नहीं दे सकीं संतोषजनक जवाब

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

मनीगाछी थाना में रात्रि संतरी ड्यूटी के दौरान बिना हथियार के तैनात मिली महिला सिपाही खुशबू कुमारी को वरीय पुलिस अधीक्षक ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र, दरभंगा निर्धारित किया गया है और उन्हें सामान्य जीवनयापन भत्ता देय होगा।

पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर की रात मनीगाछी थाना के औचक निरीक्षण के दौरान ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ने रात्रि संतरी ड्यूटी में प्रतिनियुक्त म0सि0/1970 खुशबू कुमारी को बिना हथियार के ड्यूटी करते पाया। इस पर उनसे पूछताछ की गई, लेकिन वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सकीं।

मामले को ड्यूटी में गंभीर लापरवाही मानते हुए ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ने अनुशासनिक कार्रवाई की अनुशंसा के साथ वरीय पुलिस अधीक्षक को प्रतिवेदन सौंपा। प्रतिवेदन के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई करते हुए खुशबू कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी के दौरान निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य है।