नाबालिग छात्रा से छेड़खानी का वीडियो वायरल, जमुई पुलिस का एक्शन तेज,

SIT गठित कर छापेमारी, तीन आरोपी गिरफ्तार; अन्य की तलाश जारी, वीडियो हटाने की कार्रवाई शुरू

दस्तक 7मीडिया /जमुई 

सोशल मीडिया पर नाबालिग छात्रा और उसके मित्र के साथ छेड़खानी एवं अभद्र व्यवहार का वीडियो वायरल होने के बाद जमुई पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करते हुए अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

मामले को लेकर जमुई थाना में कांड संख्या 428/26, दिनांक 21 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी बीएनएस की धारा 74, 76, 3(5) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 8/12 के तहत दर्ज की गई है।

पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल के निर्देश पर मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दीप्ति मोनाली के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई है। टीम द्वारा संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो की जांच के दौरान उसमें शामिल आरोपियों की पहचान कर ली गई। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।

इधर, सोशल मीडिया पर प्रसारित आपत्तिजनक वीडियो को हटाने के लिए भी पुलिस की ओर से टेकडाउन की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि संवेदनशील मामले से संबंधित वीडियो को सोशल मीडिया पर आगे प्रसारित न करें।