एसएसपी के नेतृत्व में पुलिस केंद्र लहेरियासराय में रैतिक परेड, जवानों की फिटनेस व अनुशासन की हुई जांच

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

पुलिस केंद्र, लहेरियासराय में मंगलवार को वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा के नेतृत्व में रैतिक परेड का आयोजन किया गया। परेड के दौरान पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) समेत कई पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

निरीक्षण के क्रम में एसएसपी ने परेड ग्राउंड का जायजा लिया और पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जवानों की शारीरिक दक्षता, अनुशासन और कार्यप्रणाली को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया।

रैतिक परेड के दौरान पुलिस कर्मियों की शारीरिक फिटनेस की जांच के लिए दौड़ एवं ड्रिल कराई गई। वहीं, टर्नआउट चेक के तहत जवानों की वर्दी की स्वच्छता, साज-सज्जा और अनुशासन का निरीक्षण किया गया। टोलीवार ड्रिल के माध्यम से पुलिस कर्मियों में एकरूपता और समन्वय बनाए रखने का अभ्यास कराया गया।

इस अवसर पर पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं, बैरक की साफ-सफाई, वाहनों एवं अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया। एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को पुलिस केंद्र की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने और आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रैतिक परेड का मुख्य उद्देश्य पुलिस कर्मियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से तैयार रखना, अनुशासन बनाए रखना और आपात परिस्थितियों में बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के लिए प्रशिक्षित करना है।