लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन पर जोर, एसपी सिटी ने की विशनपुर थाने की समीक्षा

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

नगर पुलिस अधीक्षक ने सोमवार को विशनपुर थाना में अनुसंधानकर्ताओं के साथ बैठक कर थाने में लंबित सभी कांडों की समीक्षा की। बैठक में थानाध्यक्ष समेत सभी पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। समीक्षा के दौरान लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

नगर पुलिस अधीक्षक ने अनुसंधानकर्ताओं को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध अनुसंधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। लंबित कांडों में न्यायालय से वारंट एवं कुर्की आदेश प्राप्त कर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज करने को कहा गया। साथ ही, प्रत्येक कांड की दैनिक अद्यतन स्थिति दर्ज करने और माह में निष्पादित किए जाने योग्य मामलों को चिह्नित कर प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन का निर्देश दिया गया।

बैठक में थाना में प्रतिवेदित कांडों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। सभी पंजी एवं कांड दैनिकी को अद्यतन रखने पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस पदाधिकारियों को थाना क्षेत्र में सघन गश्ती बढ़ाने तथा अपराध नियंत्रण को लेकर सतर्क रहने का निर्देश दिया गया।

पर्व-त्योहार के मद्देनजर क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। साथ ही डायल-112 वाहनों को लगातार भ्रमणशील रखते हुए किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।