अभियान बसेरा में पात्र परिवारों को अब अंचल कार्यालय में ही देना होगा आवेदन

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

अभियान बसेरा के तहत वासभूमि की सुविधा पाने वाले पात्र परिवारों को अब आवेदन के लिए पटना या जिला मुख्यालय का चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। जिलाधिकारी कौशल कुमार ने अपील की है कि पात्र परिवार अपने गांव के समीप स्थित संबंधित अंचल कार्यालय में ही वासभूमि के लिए आवेदन जमा करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान बसेरा से जुड़ी जानकारी और आवेदन की प्रक्रिया के लिए लोग संबंधित अंचल कार्यालय एवं अधिकृत पदाधिकारियों से संपर्क करें। उन्होंने आम लोगों को अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से बचने की सलाह दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी व्यक्ति या माध्यम से अभियान बसेरा के संबंध में मिलने वाली गलत जानकारी पर विश्वास न करें।

डीएम ने कहा कि भूमि एवं राजस्व से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से संबंधित कार्यों को मिशन मोड में लेते हुए पात्र लोगों की समस्याओं का नियमानुसार त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अंचल स्तर पर प्राप्त आवेदनों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई निर्धारित समय सीमा में पूरी की जाए, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े।

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि गलत और भ्रामक सूचना फैलाकर लोगों को गुमराह करने अथवा अनावश्यक भीड़ जुटाने वाले तत्वों को चिन्हित किया जाएगा। ऐसे लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

डीएम ने दोहराया कि अभियान बसेरा के तहत वासभूमि के लिए पात्र परिवार अपने संबंधित अंचल कार्यालय में ही आवेदन करें।