पर्चा वितरण में तेजी लाने का निर्देश, 1800 का लक्ष्य तय,

डीडीसी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक, लंबित मामलों के समयबद्ध निष्पादन पर जोर

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में सोमवार को उप विकास आयुक्त स्वप्निल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक हुई। बैठक में विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति के साथ न्यायालयी मामलों, जन शिकायतों और विभिन्न ऑनलाइन पोर्टलों पर लंबित आवेदनों के निष्पादन की विभागवार समीक्षा की गई।

बैठक में सीडब्ल्यूजेसी/एमजेसी, मानवाधिकार, लोकायुक्त, आरटीपीएस, लोक शिकायत निवारण, सीपीग्राम, ई-कंप्लायंस डैशबोर्ड और राजस्व जन शिकायत से जुड़े मामलों की स्थिति की समीक्षा की गई। डीडीसी ने अधिकारियों को सभी लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही पोर्टलों पर प्राप्त शिकायतों और आवेदनों की नियमित निगरानी करने को कहा।

पर्चा वितरण के लिए 1800 का लक्ष्य

डीडीसी ने जिले के सभी अंचल अधिकारियों को पर्चा वितरण के लिए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप लाभुकों और मामलों को चिह्नित करने का निर्देश दिया। जिले में पर्चा वितरण के लिए 1800 का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने लक्ष्य के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई करते हुए कार्य में तेजी लाने को कहा।

अपर समाहर्ता (राजस्व) रोहित कुमार ने सभी सीओ को परिमार्जन के लिए प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लंबित परिमार्जन आवेदनों के शीघ्र निष्पादन से अधिक से अधिक किसानों का फार्मर रजिस्ट्रेशन आईडी तैयार करने में मदद मिलेगी।

बैठक में डीडीसी ने स्पष्ट किया कि न्यायालय संबंधी मामलों, जन शिकायतों और ऑनलाइन पोर्टलों से प्राप्त आवेदनों के निष्पादन में किसी तरह की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। विभागीय स्तर पर लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन सलीम अख्तर, जिला पंचायती राज पदाधिकारी पवन कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशिष अमन समेत अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी बीडीओ, सीओ और संबंधित विभागों के पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े।